कलेक्टर ,पुलिस अधीक्षक और नगर निगम आयुक्त पर भी कई गंभीर आरोप




बिलासपुर। नगर पालिका निगम चुनाव 2025 के तहत बिलासपुर में भाजपा की महापौर प्रत्याशी पूजा एल पद्मजा विधानी और अन्य 70 वार्ड प्रत्याशियों पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी ने कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद नायक ने जिला निर्वाचन अधिकारी और नगर निगम चुनाव पर्यवेक्षक को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि भाजपा के प्रत्याशी, वर्तमान सत्ताधारी पार्टी के प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों में बिना अनुमति के अपने नाम और तस्वीरों वाले बैनर-पोस्टर लगा रहे हैं। यह बैनर और पोस्टर सरकारी संपत्तियों जैसे बिजली खंभों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए हैं, जो निर्वाचन आयोग के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार की गतिविधियां मतदाताओं को प्रभावित करने और चुनावी प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास है। कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि इस मुद्दे पर तुरंत कार्रवाई करते हुए भाजपा प्रत्याशियों पर FIR दर्ज की जाए और सभी अवैध बैनर-पोस्टर तुरंत हटाए जाएं।
नायक ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं हुई हैं, जिनमें प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन से मांग की है कि वे निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
ज्ञापन के साथ संदर्भित स्थानों की तस्वीरें और वीडियो सबूत भी संलग्न किए गए हैं, जिनमें बैनर-पोस्टर दिखाए गए हैं। इस मामले में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग और भारत निर्वाचन आयोग से भी संज्ञान लेने की अपील की है।
ज्ञापन में आगे कहा गया है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो यह मतदाताओं के मन में गलत संदेश देगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाएगा। इस संबंध में जिला प्रशासन ने ज्ञापन स्वीकार कर लिया है और मामले की जांच का आश्वासन दिया है।बिलासपुर नगर निगम चुनाव को लेकर यह विवाद पहले से ही चुनावी माहौल को गर्म कर रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष विजय केसरवानी और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय पांडे ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और निगम आयुक्त पर आरोप लगाते हुए जानबूझकर कार्रवाई नहीं करने की बात कही है।



