बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र क्रमांक 13 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट से चित्रकांत लहरे ने जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल किया। उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने की अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के समग्र विकास और सरकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने की होगी।
चित्रकांत ने नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, “क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं। मेरी कोशिश होगी कि इन योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पूरी तरह से पहुंचे।” उन्होंने कहा कि वर्तमान में विष्णु सरकार बेहतर काम कर रही है और उनकी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने यह भी कहा कि वह इन योजनाओं को और अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उनकी प्राथमिकता में ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना शामिल होगा। चित्रकांत ने विकास कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता देते हुए कहा कि उनकी कोशिश होगी कि मस्तूरी क्षेत्र को हर संभव तरीके से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जो उनके प्रति जनता के विश्वास और समर्थन को दर्शाता है। समर्थकों ने उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि चित्रकांत लहरों के नेतृत्व में क्षेत्र को नई दिशा और गति मिलेगी।
चित्रकांत ने ग्रामीण जनता से अपील करते हुए कहा, “आप सभी के सहयोग और समर्थन से मैं क्षेत्र के विकास की नई कहानी लिखने के लिए प्रतिबद्ध हूं। स्वच्छ और समर्पित नेतृत्व से ही वास्तविक प्रगति संभव है।”



