छत्तीसगढ़ : बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशे के खिलाफ 217 किलो गांजा समेत भारी मात्रा में मादक पदार्थ नष्ट


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को मजबूती देते हुए बिलासपुर पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जप्तशुदा मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया। इसमें गांजा, ब्राउन शुगर, टेबलेट, कैप्सूल, इंजेक्शन और सिरप जैसे नशीले पदार्थ शामिल थे। राज्य शासन के निर्देशानुसार नशे की जड़ों को खत्म करने के लिए यह कदम उठाया गया।
नष्टीकरण की प्रक्रिया:
जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति द्वारा मादक पदार्थों के नष्टीकरण की यह कार्रवाई आज दिनांक 3 जनवरी 2025 को संपन्न हुई। समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह ने निर्णय लेकर इसे अमल में लाया। उनके साथ समिति के सदस्य श्री राजेन्द्र कुमार जायसवाल (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक), श्री नवनीत तिवारी (सहायक आयुक्त आबकारी बिलासपुर), और क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी मौजूद रहे।
नष्ट की जाने वाली सामग्री को सृजन स्टील प्राइवेट लिमिटेड, सिलपहरी बिलासपुर के भट्ठी में जलाकर और रोलर से नष्ट किया गया।
जप्तशुदा मादक पदार्थों का विवरण:
गांजा: 216.988 किलोग्राम
ब्राउन शुगर: 26 ग्राम
टेबलेट और कैप्सूल: 554 नग
नशीले इंजेक्शन (एम्पुल): 645 नग
सिरप: 556 नग
राज्य शासन की पहल:
राज्य शासन के निर्देशानुसार बिलासपुर पुलिस लगातार नशे के विरुद्ध सख्त कदम उठा रही है। इस अभियान का उद्देश्य नशे की सामग्री उपलब्ध कराने वाले स्त्रोतों को जड़ से खत्म करना है।
पुलिस ने न केवल नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों को गिरफ्तार किया है, बल्कि उनकी अवैध संपत्ति को भी जब्त कर नशे के व्यापार की कमर तोड़ने का प्रयास किया है।पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की नशीली सामग्री के कारोबार की जानकारी रखते हैं, तो उसे तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। इस अभियान का उद्देश्य न केवल नशे के सौदागरों पर कड़ी कार्रवाई करना है, बल्कि समाज को नशामुक्त बनाना है।



