Latest news

छत्तीसगढ़: कवासी लखमा के घर ईडी का छापा, भाजपा ने उठाए भ्रष्टाचार के सवाल, कांग्रेसी कह रहे चुनाव आते ही शुरू हो जाती है कार्रवाई

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

00 घोटाले के आरोप में कई अफसर जेल में है बंद

00 भाजपा को वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक ने लगाए कई गंभीर आरोप

बिलासपुर।  छत्तीसगढ़ के पूर्व आबकारी मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कवासी लखमा के घर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की है। इस कार्रवाई ने प्रदेश में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। ईडी द्वारा की गई इस छापेमारी को कोयला और शराब घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने इसे कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोलने वाली घटना बताया। वही कांग्रेसियों का कहना है कि चुनाव करीब आते ही भाजपा केइशारे पर ईडी और सीबीआई इस तरह की कार्रवाई करती है।

धरमलाल कौशिक का तीखा हमला

ईडी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने कांग्रेस सरकार और कवासी लखमा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कवासी लखमा पूर्व भ्रष्ट सरकार के आबकारी मंत्री रहे हैं। उनके कार्यकाल में शराब और कोयला घोटाले जैसी गंभीर गड़बड़ियां हुईं। जांच एजेंसियों को गड़बड़ी का इनपुट मिला होगा, तभी यह कार्रवाई की गई है।”

कौशिक ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में जहां-जहां ईडी ने छापेमारी की है, वहां भ्रष्टाचार प्रमाणित हुआ है। उन्होंने कहा, “शराब और कोयला घोटाले के मामले में कई नेता पहले ही जेल में हैं और कई बेल पर। यह कार्रवाई कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार की नई कड़ियां उजागर करेगी।”

शराब और कोयला घोटाले का जिक्र

कौशिक ने छत्तीसगढ़ में चल रहे शराब और कोयला घोटाले का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह घोटाले कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार की गवाही देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “कांग्रेस सरकार ने राज्य के संसाधनों को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जनता के पैसे को शराब और कोयले के नाम पर बर्बाद किया गया। कवासी लखमा उसी सरकार का हिस्सा रहे, और अब उनकी भूमिका जांच के दायरे में है।”

कांग्रेस पूरी तरीके से भ्रष्ट

कौशिक ने कहा कि ईडी की हर कार्रवाई के बाद भ्रष्टाचार के प्रमाण मिले हैं। उन्होंने कहा, “ईडी ने जिन जगहों पर छापे मारे, वहां बड़े स्तर पर गड़बड़ियां सामने आई हैं। एफआईआर दर्ज हुई, कई नेता जेल में हैं, और कई बेल पर। यह साबित करता है कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पूरी तरह भ्रष्ट है।”

भाजपा विधायक ने इस बात पर भी जोर दिया कि ईडी की यह कार्रवाई कांग्रेस नेताओं के बीच घबराहट पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी और हर घोटाले का पर्दाफाश किया जाएगा।

कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ी

कवासी लखमा के घर हुई छापेमारी ने कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पहले से ही कोयला और शराब घोटालों में घिरी कांग्रेस सरकार अब नए आरोपों का सामना कर रही है। ईडी की यह कार्रवाई कांग्रेस नेताओं के भ्रष्टाचार की जांच को और गहरा सकती है।


“कांग्रेस सरकार का हर नेता भ्रष्टाचार में लिप्त है। कवासी लखमा के घर हुई छापेमारी से यह साबित हो रहा है कि इस सरकार ने जनता के हितों के साथ खिलवाड़ किया है। जनता इसका जवाब आने वाले चुनावों में देगी।”

धरमलाल कौशिक, भाजपा विधायक, बिल्हा

क्या-क्या है घोटाला

1. शराब घोटाला:

आरोप है कि कांग्रेस सरकार के आबकारी विभाग ने शराब की बिक्री में अनियमितताएं कीं।

सरकारी ठेके के जरिए शराब माफियाओं को फायदा पहुंचाने के आरोप लगे हैं।

2. कोयला घोटाला:

राज्य में कोयला परिवहन और बिक्री में घोटाले के आरोप हैं।

इस घोटाले में कई बड़े नेताओं की संलिप्तता के सबूत ईडी को मिले हैं।


राजनीति गरमाई

कवासी लखमा के घर हुई ईडी की छापेमारी ने छत्तीसगढ़ की राजनीति को गरमा दिया है। भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमला तेज कर दिया है। धरमलाल कौशिक ने इसे कांग्रेस सरकार की विफलताओं और भ्रष्टाचार का प्रमाण बताया है। आने वाले दिनों में ईडी की रिपोर्ट और छापेमारी से जुड़े खुलासे प्रदेश की राजनीति को और अधिक प्रभावित कर सकते हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।