Latest news

बेलगावी: 100 साल बाद कांग्रेस का ‘नव सत्याग्रह’, गांधी के आदर्शों को पुनर्जीवित करने का संकल्प :  भूपेश

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

सीडब्ल्यूसी की बैठक में शामिल होने पूर्व मुख्यमंत्री बघेल हुए रवाना, सोशल मीडिया पर दी जानकारी

रायपुर।कर्नाटक के बेलगावी में 26 दिसंबर 2024 को कांग्रेस पार्टी की विस्तारित कार्यसमिति (CWC) की विशेष बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक को ‘नव सत्याग्रह’ नाम दिया गया है। यह कार्यक्रम ऐतिहासिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि ठीक 100 साल पहले 1924 में इसी स्थान पर महात्मा गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे और उन्होंने सत्याग्रह आंदोलन का ऐलान किया था। इस बैठक में शामिल होने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रवाना हो गए। उसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी है।

बेलगावी का ऐतिहासिक महत्व

1924 में, कांग्रेस के 39वें अधिवेशन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पहली बार सर्वसम्मति से कांग्रेस अध्यक्ष चुना गया था। इस अधिवेशन में गांधी जी ने:

सत्य, अहिंसा और स्वराज का संदेश दिया।

सभी देशवासियों से जाति, धर्म और भाषा के भेदभाव को समाप्त करने की अपील की।

अंग्रेजी शासन के खिलाफ सविनय अवज्ञा और अहिंसा को सबसे बड़ा हथियार बताया।
गांधी जी ने उस समय हिंदू-मुस्लिम एकता पर जोर देते हुए आज़ादी की लड़ाई में सभी को साथ लाने का आह्वान किया था।

‘नव सत्याग्रह’ का संकल्प

आज, 100 साल बाद, कांग्रेस पार्टी उसी ऐतिहासिक स्थान से सत्याग्रह के गांधीवादी विचारों को पुनर्जीवित करने का संकल्प ले रही है।

26 दिसंबर 2024: विस्तारित CWC बैठक में गांधी जी के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उनके मार्गदर्शन में आधुनिक भारत की चुनौतियों का सामना करने की रणनीति बनाई जाएगी।

27 दिसंबर 2024: एक विशाल रैली ‘जय बापू-जय भीम-जय संविधान’ का आयोजन होगा, जिसमें गांधी और बाबा साहेब अंबेडकर के विचारों को देशभर में प्रसारित करने पर जोर दिया जाएगा।

वर्तमान संदर्भ में गांधी के विचार

आज जब देश में सामाजिक और धार्मिक भेदभाव, नफरत और असमानता बढ़ रही है, कांग्रेस गांधी के आदर्शों को नई रोशनी देने का प्रयास कर रही है।

पार्टी का कहना है कि सत्य, अहिंसा, और समानता ही ऐसे मूल्य हैं जो संविधान और लोकतंत्र को बचा सकते हैं।

गांधी के मूल्यों को आत्मसात करते हुए कांग्रेस ने ‘नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो’ अभियान की शुरुआत की है।

नव सत्याग्रह का महत्व

कांग्रेस पार्टी इस कार्यक्रम के जरिए देश को गांधी जी के मूल्यों और संदेशों की प्रासंगिकता को याद दिलाना चाहती है। यह संकल्प लोकतांत्रिक और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ-साथ देश की एकता को बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।