
गड्ढों से भरी सड़क बनी हजारों विद्यार्थियों की मुसीबत, रोजाना दुर्घटनाओं का खतरा; कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल मरम्मत और नवीनीकरण की उठाई मांग
बिलासपुर। शहर की बदहाल सड़कों को लेकर अब विद्यार्थियों का गुस्सा भी सड़कों पर उतर आया है। लालखदान से दोमुहानी के बीच जर्जर हो चुकी सड़क की दुर्दशा से परेशान होलीक्रॉस स्कूल और चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के छात्र-छात्राओं ने मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थी कलेक्ट्रेट पहुंचे और सड़क की बदहाली के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर खींचा।
विद्यार्थियों का कहना है कि लालखदान से दोमुहानी के बीच स्थित सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि इस मार्ग से रोजाना गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और क्षतिग्रस्त सड़क के कारण विद्यार्थियों को हर दिन जोखिम उठाकर कॉलेज और स्कूल पहुंचना पड़ता है। सड़क की बदहाली के चलते दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और नवीनीकरण की दिशा में ठोस पहल नहीं होने से विद्यार्थियों में नाराजगी है।
परीक्षा के दिनों में भी सड़क बन रही परेशानी
चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के विद्यार्थियों ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण आने-जाने में अत्यधिक समय लगता है। कई बार विद्यार्थियों को कॉलेज पहुंचने में देरी होती है। सबसे ज्यादा परेशानी परीक्षाओं के दौरान होती है, जब सड़क की बदहाली के कारण समय पर परीक्षा केंद्र या कॉलेज पहुंचने को लेकर मानसिक दबाव झेलना पड़ता है।
किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा प्रशासन?
विद्यार्थियों ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि सड़क की मौजूदा स्थिति भविष्य में किसी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए अब समस्या की अनदेखी नहीं की जा सकती। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत केवल आवागमन की सुविधा का मामला नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों की जिंदगी और सुरक्षा से जुड़ा सवाल है।
कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग
छात्र-छात्राओं ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर संबंधित विभाग को सड़क का तत्काल निरीक्षण कराने और शीघ्र मरम्मत के साथ नवीनीकरण की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश देने की मांग की। ज्ञापन में चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के इंजीनियरिंग, फार्मेसी, आयुर्वेद, लॉ, एमबीए, साइंस एवं कॉमर्स के विद्यार्थियों ने इस समस्या को जनहित और विद्यार्थी सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया।
विद्यार्थियों ने प्रशासन से उम्मीद जताई कि उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्णय लिया जाएगा। अब देखने वाली बात यह होगी कि विद्यार्थियों की इस आवाज के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग कब जागते हैं और लालखदान-दोमुहानी मार्ग की बदहाली से लोगों को कब राहत मिलती है।
