Latest news

सराफा कारोबार से प्रदेश के दो लाख परिवारों की आजीविका जुड़ी : कमल सोनी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

‘हमर पहुना’ में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने राजनीति, सामाजिक सेवा, पीएससी की तैयारी और बाजार व्यवस्था सुधारने के अनुभव साझा किए

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सराफा कारोबार केवल आभूषणों की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। प्रदेश में करीब 15 हजार पंजीकृत सराफा कारोबारी हैं। प्रत्येक दुकान से छिलाई, पॉलिश, कटिंग और कारीगरी जैसे कामों के जरिए औसतन दो परिवार और जुड़े हैं। इस तरह करीब 45 हजार परिवार सीधे दुकानों से जुड़े हैं। होलसेल, रिटेल और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को शामिल करें तो प्रदेश में दो लाख से अधिक परिवारों की रोजी-रोटी सराफा कारोबार पर निर्भर है। यह बात छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने बिलासपुर प्रेस क्लब के कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में कही।

राजनीति में आने और चुनाव लड़ने की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि राजनीति भी सेवा का एक माध्यम है। वे फिलहाल सराफा समाज और व्यापारियों के बीच रहकर सेवा कर रहे हैं। विधानसभा या महापौर का चुनाव लड़ना अलग विषय है। यह भी प्रभु की कृपा से मिलने वाला अवसर है। फिलहाल उनका उद्देश्य मिले हुए दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाना है। सेवा के काम से मन को संतुष्टि मिल रही है और वे इसी का आनंद ले रहे हैं।

पीएससी प्री पास किया, लेकिन मेन्स नहीं दिया

अपनी शिक्षा और करियर के शुरुआती दौर का जिक्र करते हुए कमल सोनी ने बताया कि 21 वर्ष की उम्र में वे पीएससी की तैयारी कर रहे थे। प्रारंभिक परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली थी, लेकिन मुख्य परीक्षा देने की इच्छा नहीं हुई। व्यापारी परिवार से होने के कारण उन्हें चिंता थी कि दो-तीन साल तैयारी में लगाने के बाद यदि सफलता नहीं मिली तो फिर कारोबार में लौटकर शुरुआत करनी पड़ेगी। परिवार चाहता था कि वे पढ़ाई पूरी कर अधिकारी बनें, लेकिन उनकी सोच कुछ अलग करने की थी। उनका मानना है कि सफलता केवल किसी पद या नौकरी से तय नहीं होती। जिस क्षेत्र में काम करते हुए व्यक्ति को संतुष्टि मिले और वह समाज के लिए योगदान दे सके, वही उसकी सफलता है।

बाजार की सुंदरता के लिए व्यापारियों की भी जिम्मेदारी

कमल सोनी ने शहर की स्वच्छता और बाजार व्यवस्था पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोग अपने घर और प्रतिष्ठान को सुंदर बनाने पर लाखों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन घर के बाहर फैली गंदगी की ओर ध्यान नहीं देते। जबकि आसपास का क्षेत्र साफ-सुथरा होगा, तभी घर और दुकान की सुंदरता भी निखरेगी। यही बात बाजारों पर भी लागू होती है।

सदर बाजार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दुकानदार चाहते हैं कि उनके बाजार में चारपहिया वाहन से ग्राहक आएं, लेकिन कई दुकानदार खुद सड़क पर अपनी एक्टिवा खड़ी कर देते हैं। इससे कारों का प्रवेश मुश्किल हो जाता है। व्यापारियों को भी नागरिक जिम्मेदारी समझते हुए अपनी गाड़ियों के लिए वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि सदर बाजार में कई ऐसी जगहें थीं, जहां दो-तीन साल से ठेले खड़े थे और ट्रांसफार्मर के आसपास गंदगी के कारण जगह अनुपयोगी हो गई थी। एसोसिएशन ने पहल कर इन स्थानों को साफ कराया और पार्किंग की व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया। व्यापारियों से भी अपील की गई कि वे अपनी गाड़ियां निर्धारित स्थानों पर खड़ी करें और दुकान के सामने की जगह ग्राहकों के लिए खाली रखें।

कमल सोनी ने कहा कि बाजार में सुंदरता, सुव्यवस्था और ग्राहकों की आवाजाही एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। व्यापारी यदि अपनी जिम्मेदारी समझें तो बाजार में भीड़ और कारोबार दोनों बढ़ सकते हैं। शहर को सुंदर बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम या प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और व्यापारी की भी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।