Latest news

बेलतरा की 64 ग्राम पंचायतों में महतारी सदन निर्माण का संकल्प, मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में विधायक सुशांत शुक्ला की अनूठी पहल; तीन और पंचायतों को मिली ₹90 लाख की सौगात

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
10 Min Read

सेंद,री मटियारी एवं गड़वट में ₹30-30 लाख से बनेंगे महतारी सदन; अब तक 33 ग्राम पंचायतों में निर्माण पूर्ण, स्वीकृत अथवा प्रक्रियाधीन, शेष 31 पंचायतों के प्रस्ताव शासन स्तर पर
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा में विकास की नई इबारत लिखने के साथ-साथ मातृशक्ति के सम्मान, विश्वास और सशक्तीकरण को प्राथमिकता देते हुए विधायक श्री सुशांत शुक्ला द्वारा एक व्यापक पहल की जा रही है। पूरे प्रदेश में एक मात्र बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की सभी 64 ग्राम पंचायतों में महतारी सदन अथवा मिनी महतारी सदन का निर्माण कराकर ग्रामीण महिलाओं को अपना एक समर्पित मंच उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी कड़ी में विधायक श्री सुशांत शुक्ला की पहल एवं प्रयासों से ग्राम पंचायत सेंदरी, मटियारी एवं गड़वट में महतारी सदन निर्माण के लिए राज्य शासन द्वारा कुल ₹90 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ₹30-30 लाख की लागत से महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा।
पंचायत संचालनालय, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 की महतारी सदन निर्माण योजना के अंतर्गत इन तीनों ग्राम पंचायतों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन महतारी सदनों के निर्माण से ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा। महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकें, कौशल प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम, सामाजिक आयोजन तथा महिलाओं से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां अब अपने ही गांव में बेहतर ढंग से संचालित हो सकेंगी।
64 ग्राम पंचायतों में महतारी सदन निर्माण का व्यापक अभियान
बेलतरा विधानसभा में महतारी सदन निर्माण की यह पहल केवल तीन गांवों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे विधानसभा क्षेत्र की मातृशक्ति को एक साझा मंच उपलब्ध कराने की व्यापक योजना का हिस्सा है। इस दिशा में अब तक विभिन्न चरणों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

  1. पांच ग्राम पंचायतों में ₹30 लाख की लागत से महतारी सदनों का निर्माण पूर्ण
    विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेमरताल, लगरा, लखराम, गोंदईया एवं नेवसा में ₹30-30 लाख की लागत से महतारी सदनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इन भवनों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराया गया है।
  2. 15 ग्राम पंचायतों में ₹15.50 लाख की लागत से मिनी महतारी सदनों का निर्माण पूर्ण
    महतारी सदन की परिकल्पना को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंडी बोर्ड के माध्यम से ग्राम पंचायत मोहतराई, मदनपुर, रानीगांव, नवागांव, खैरखुंडी, बेलतरा, रमदेई, करमा, कडरी, मंजुरपहरी, सेलर, डंगनिया, पौसरा, परसौड़ी एवं भरवीडीह में ₹15.50 लाख की लागत से मिनी महतारी सदनों का निर्माण भी पूरा हो चुका है।
  3. दस ग्राम पंचायतों में ₹15.90 लाख की लागत से मिनी महतारी सदन स्वीकृत, टेंडर प्रक्रिया जारी
    इसके अतिरिक्त मंडी बोर्ड के माध्यम से ग्राम पंचायत अकलतरी, बाम्हू, बांका, बसहा, भाड़ी, भरारी, भिल्मी, बिटकुली (उ), चोरहदेवरी एवं धौरामुड़ा में ₹15.90 लाख प्रति मिनी महतारी सदन की लागत से निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है। वर्तमान में इन कार्यों की टेंडर प्रक्रिया जारी है।
  4. शेष 31 ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रस्तावित
    विधायक श्री सुशांत शुक्ला के संकल्प के अनुरूप विधानसभा की शेष 31 ग्राम पंचायतों में भी महतारी सदन निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रस्तुत किए गए हैं। इनकी स्वीकृति के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बेलतरा विधानसभा की सभी 64 ग्राम पंचायतों में महिलाओं को अपना एक समर्पित मंच उपलब्ध कराया जा सके।
    सरपंचों ने मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्रियों सहित विधायक के प्रति जताया आभार
    तीन ग्राम पंचायतों में महतारी सदन की स्वीकृति पर ग्राम पंचायत मटियारी के सरपंच श्री सतीश केशर ने समस्त ग्रामवासियों की ओर से सर्वप्रथम प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी एवं श्री विजय शर्मा जी तथा अंत में क्षेत्रीय विधायक श्री सुशांत शुक्ला जी के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महतारी सदन की स्वीकृति गांव की महिलाओं के लिए एक बड़ी सौगात है। इसके लिए प्रदेश सरकार एवं विधायक जी के प्रयासों के प्रति समस्त ग्रामवासी आभारी हैं।
    इसी प्रकार ग्राम पंचायत गड़वट के सरपंच श्री चंद्रशेखर बैसवाड़े एवं ग्राम पंचायत सेंदरी के सरपंच श्री राजेश ध्रुव ने भी इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी एवं श्री विजय शर्मा जी तथा अंत में विधायक श्री सुशांत शुक्ला जी के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि महतारी सदन के निर्माण से गांव की महिलाओं को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के संचालन के लिए एक बेहतर और स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
    महिलाओं का सम्मान और विश्वास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता : विधायक सुशांत शुक्ला
    विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने कहा कि “मेरे लिए बेलतरा विधानसभा का विकास केवल सड़कों, भवनों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हमारी माताएं, बहनें और बेटियां परिवार, समाज और गांव की प्रगति की आधारशिला हैं। उनके सम्मान, विश्वास और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
    इसी सोच के साथ मैंने बेलतरा विधानसभा की सभी 64 ग्राम पंचायतों में महतारी सदन अथवा मिनी महतारी सदन निर्माण का संकल्प लिया है। पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में बेलतरा विधानसभा एकमात्र ऐसी विधानसभा है, जहां सभी 64 ग्राम पंचायतों में महिलाओं के लिए इस प्रकार के समर्पित केंद्र विकसित करने की दिशा में योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। मुझे प्रसन्नता है कि इस अभियान के अंतर्गत अब तक 33 ग्राम पंचायतों में महतारी सदन एवं मिनी महतारी सदन के निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इनमें 25 निर्माण कार्य मंडी बोर्ड के माध्यम से स्वीकृत हुए हैं। पांच ग्राम पंचायतों में ₹30 लाख की लागत से महतारी सदनों का निर्माण पूरा हो चुका है, वहीं 15 ग्राम पंचायतों में ₹15.50 लाख की लागत से मिनी महतारी सदन भी बनकर तैयार हैं। दस अन्य ग्राम पंचायतों में ₹15.90 लाख की लागत से मिनी महतारी सदनों को स्वीकृति मिल चुकी है और उनकी टेंडर प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही तीन ग्राम पंचायतों सेंदरी, मटियारी एवं गड़वट में ₹30-30 लाख की नई स्वीकृति मिली है। शेष 31 ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रस्तुत किए गए हैं।
    मेरा उद्देश्य केवल भवन बनवाना नहीं, बल्कि प्रत्येक गांव में मातृशक्ति को ऐसा स्थान उपलब्ध कराना है, जहां वे एकत्रित होकर अपने विचार साझा कर सकें, स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ा सकें, कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें और सामाजिक निर्णयों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए संवाद, सहयोग, प्रशिक्षण और नेतृत्व विकास के केंद्र बनेंगे।
    मैं चाहता हूं कि बेलतरा विधानसभा की प्रत्येक माता और बहन को यह महसूस हो कि विकास की इस यात्रा में उनकी भागीदारी और उनके सम्मान को सर्वोच्च स्थान दिया जा रहा है। महिलाओं का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है और उस विश्वास को बनाए रखना मेरी जिम्मेदारी है। इस अभियान को साकार करने में सहयोग के लिए मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी एवं श्री विजय शर्मा जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। प्रदेश सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से हमारा प्रयास है कि बेलतरा विधानसभा की सभी 64 ग्राम पंचायतों में महतारी सदन निर्माण का संकल्प पूरा हो और हमारी मातृशक्ति को सम्मान, सुविधा एवं आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार मिले।”
    बेलतरा विधानसभा में महतारी सदन निर्माण की यह पहल ग्रामीण विकास के साथ महिलाओं के सम्मान, सामाजिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता को जोड़ने का प्रयास है। पांच ग्राम पंचायतों में महतारी सदनों और 15 ग्राम पंचायतों में मिनी महतारी सदनों का निर्माण पूर्ण होने, दस पंचायतों में निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने तथा तीन नई पंचायतों को ₹90 लाख की स्वीकृति मिलने के साथ यह अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है। लक्ष्य स्पष्ट है—बेलतरा की सभी 64 ग्राम पंचायतों में मातृशक्ति को अपना मंच, अपना स्थान और विकास में अपनी भागीदारी का अवसर मिले।
    मातृशक्ति का सम्मान, महिलाओं का विश्वास और प्रत्येक गांव का सर्वांगीण विकास ही विकसित बेलतरा की परिकल्पना का महत्वपूर्ण आधार है।
खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।