
31 अक्टूबर को ड्यूटी के दौरान करंट की चपेट में आने से हुई थी ऑपरेटर की मौत, संघ ने विभाग और ठेकेदार पर लगाए सुरक्षा में लापरवाही के आरोप; 13 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
बिलासपुर। कुरेली सब स्टेशन में विद्युत दुर्घटना के दौरान ऑपरेटर अमन साहू की मौत के मामले में शुक्रवार को बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला। छत्तीसगढ़ विद्युत ठेका मजदूर संघ ने तिफरा स्थित बिजली कंपनी के मुख्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन कर विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठाए। संघ ने आरोप लगाया कि विद्युत उपकेंद्रों में काम करने वाले ठेका श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। इसी लापरवाही के कारण 31 अक्टूबर को कुरेली सब स्टेशन में ऑपरेटर अमन साहू की जान चली गई।
संघ ने मृतक कर्मचारी के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने, परिवार के एक पात्र सदस्य को नौकरी देने और दुर्घटना की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बिजली कंपनी के मुख्य अभियंता (बिलासपुर क्षेत्र) को ज्ञापन सौंपकर 13 सूत्रीय मांगें रखी गईं।
सुरक्षा उपकरण नहीं, मेंटेनेंस भी नदारद; फिर कैसे सुरक्षित रहेंगे कर्मचारी?
संघ का आरोप है कि कुरेली सब स्टेशन में हुई दुर्घटना सामान्य हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव में बरती गई गंभीर लापरवाही का परिणाम है। ठेकेदार द्वारा कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण और सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई थी। वहीं 33/11 केवी सब स्टेशनों के रखरखाव में भी लापरवाही बरती जा रही थी।
संघ का कहना है कि उपकेंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी विभागीय अधिकारियों को लगातार पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब ऑपरेटर की मौत के बाद संघ ने जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
मौत की उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
संघ ने कुरेली सब स्टेशन दुर्घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। जांच में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए। संघ ने स्पष्ट किया कि केवल मुआवजा देकर मामले को समाप्त नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार लोगों की पहचान भी जरूरी है।
मृतक के परिवार को मुआवजा, एक सदस्य को मिले नौकरी
प्रदर्शन में ऑपरेटर अमन साहू के परिवार की आर्थिक सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने मांग की कि मृतक के परिवार को तत्काल उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक पात्र सदस्य को शीघ्र नियुक्ति प्रदान की जाए। इसके साथ ही सभी 33/11 केवी सब स्टेशनों का तत्काल रखरखाव कराने और कर्मचारियों को कार्य की प्रकृति के अनुसार सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई।
बिना शटडाउन और लिखित परमिट के न कराया जाए काम
संघ ने ज्ञापन में विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया है। मांग की गई है कि किसी भी लाइन, ट्रांसफार्मर या उपकेंद्र में काम शुरू करने से पहले विधिवत शटडाउन और लिखित परमिट टू वर्क जारी किया जाए। लाइन को विद्युत आपूर्ति से अलग करने के बाद लॉक आउट-टैग आउट प्रक्रिया, अर्थिंग और टेस्टिंग उपकरण से विद्युत प्रवाह नहीं होने की पुष्टि अनिवार्य की जाए।
इसके अलावा सभी ठेका श्रमिकों को ISI/BIS मानक के हेलमेट, सेफ्टी शूज, इंसुलेटेड दस्ताने, सेफ्टी बेल्ट, सेफ्टी हार्नेस, फेस शील्ड सहित अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
13 सूत्रीय मांगों में सुरक्षा ऑडिट से लेकर बोनस तक शामिल
छत्तीसगढ़ विद्युत ठेका मजदूर संघ ने अपने ज्ञापन में कुल 13 मांगें रखी हैं। इनमें प्रशिक्षित और अधिकृत कर्मचारियों से ही विद्युत कार्य कराने, नियमित सुरक्षा प्रशिक्षण देने, प्रत्येक कार्यस्थल पर विभागीय अधिकारी या अधिकृत सुरक्षा पर्यवेक्षक की मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बिना काम पर रोक लगाने की मांग शामिल है।
संघ ने सभी विद्युत उपकेंद्रों, वितरण लाइनों और कार्यस्थलों का नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने तथा कमियों को तत्काल दूर करने की बात कही है। दुर्घटना होने पर घायल श्रमिक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन संपर्क व्यवस्था उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।
विद्युत दुर्घटना में मृत्यु अथवा स्थायी या अस्थायी अपंगता होने पर पीड़ित श्रमिक और उसके परिवार को नियमानुसार मुआवजा, बीमा राशि, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य वैधानिक लाभ तत्काल देने की मांग की गई है। प्रत्येक दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई करने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।
इसके अलावा ठेका श्रमिकों पर जल्दबाजी में काम पूरा करने का दबाव नहीं बनाने, सभी 33/11 केवी उपकेंद्रों का उचित रखरखाव कराने और बिजली कंपनी में कार्यरत ठेका श्रमिकों को बोनस देने की मांग रखी गई है।
श्रमिकों की जान से समझौता बर्दाश्त नहीं: संघ
संघ ने ज्ञापन में कहा है कि विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत 33/11 केवी लाइनों, वितरण लाइनों, उपकेंद्रों और अन्य विद्युत कार्यों में लगे ठेका श्रमिक लगातार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कई मामलों में श्रमिकों को अपनी जान तक गंवानी पड़ रही है। विद्युत कार्य अत्यंत जोखिमपूर्ण और संवेदनशील प्रकृति का है, इसलिए सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।
छत्तीसगढ़ विद्युत ठेका मजदूर संघ रायपुर, भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध है। संघ ने मुख्य अभियंता (बिलासपुर क्षेत्र), छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड को संबोधित ज्ञापन में सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर तत्काल आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की है। संघ ने कहा है कि श्रमिकों का जीवन सर्वोपरि है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग तथा संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है।
