Latest news

पटवारियों की हड़ताल के समर्थन में उतरा तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ, दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में निकाली रैली

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री और मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर के माध्यम से सौंपा ज्ञापन, संवाद के जरिए पटवारियों की मांगों का निराकरण करने की मांग; धरना स्थल पहुंचकर भी दिया समर्थन
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ की प्रदेशव्यापी हड़ताल को अब दूसरे कर्मचारी संगठनों का भी समर्थन मिलने लगा है। पटवारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने के बजाय शासन द्वारा दमनात्मक कार्रवाई किए जाने के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को संघ के प्रांतीय आह्वान पर पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने रैली निकालकर मुख्यमंत्री, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। संघ ने शासन से दमनात्मक कार्रवाई बंद कर पटवारी संघ से संवाद स्थापित करने और उनकी मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है।
संघ के जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ 13 अक्टूबर 2026 से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदेशव्यापी हड़ताल कर रहा है। इसके बावजूद शासन स्तर पर मांगों के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने के बजाय हड़ताली पटवारियों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी संगठन की जायज मांगों का समाधान बातचीत और आपसी सहमति से किया जाना चाहिए। हड़ताल के दौरान कार्रवाई करने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ेगा। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने इसी रवैये का विरोध करते हुए शासन से तत्काल सकारात्मक पहल करने की अपील की है।
धरना स्थल पहुंचकर दिया समर्थन
पटवारी संघ की मांगों के समर्थन में छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा, जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा और प्रांतीय समन्वयक जीआर चंद्रा ने पटवारी संघ के जिला बिलासपुर के धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने पटवारियों की मांगों को जायज बताते हुए शासन से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की जरूरत बताई।
कंपोजिट बिल्डिंग से कलेक्टोरेट तक निकाली रैली
ज्ञापन सौंपने से पहले संघ के पदाधिकारी और कर्मचारी पुराने कंपोजिट बिल्डिंग परिसर में एकत्र हुए। यहां से रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी कलेक्टर शालिक राम गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शासन से पटवारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने, दमनात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने और सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया गया।
ये कर्मचारी रहे शामिल
ज्ञापन सौंपने और रैली में प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा, जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा, प्रांतीय समन्वयक जीआर चंद्रा, हिमाचल साहू, अजय धुर्वे, गोविंद साहू, चमलेश्वरी राव, रेणुका बांसियार, शेफाली पांडे, श्वेता गंधर्व, पूर्णिमा उपाध्याय, उषा श्रीवास, आरती सिंह, कमला राय, दुर्गेश सिंह, नेहा डोंगरे, पूजा अहिरवार, आनंद भारती और सौरभ दीवान सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।