Latest news

भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में 7 अक्टूबर की कलश यात्रा की तैयारियों पर मंथन, अमर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को दिया समयबद्ध आयोजन का संदेश

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
6 Min Read

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर की जिला कार्यसमिति की बैठक सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित हुई। नगर विधायक अमर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में हुई बैठक में आगामी 7 अक्टूबर को प्रस्तावित सेवा ज्योति कलश यात्रा को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, अनुशासन और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत अब तक आयोजित कार्यक्रमों को कार्यकर्ताओं ने एकजुटता और सहभागिता के साथ सफल बनाया है। उन्होंने 7 अक्टूबर को होने वाली सेवा ज्योति कलश यात्रा को भी इसी तरह सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी तैयारी के साथ जुटने का आह्वान किया।
सुबह 9 बजे तक बहतराई खेल परिसर में पहुंचना होगा
अमर अग्रवाल ने कार्यक्रम की समय-सारिणी और यात्रा की व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को सुबह 9 बजे तक सभी कार्यकर्ताओं का बहतराई स्थित खेल परिसर में मंचीय कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना आवश्यक होगा। इसके बाद सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद उनके द्वारा मशाल प्रज्ज्वलित की जाएगी। इसके पश्चात कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों द्वारा मशाल प्रज्ज्वलित की जाएगी और फिर कलश यात्रा की शुरुआत होगी।
उन्होंने बताया कि कलश यात्रा लगभग एक किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा में कार्यकर्ता भाजपा के झंडे और प्ले कार्ड लेकर शामिल होंगे। यात्रा की अग्रिम पंक्ति में रथ रहेगा। रथ के पीछे एक व्यक्ति मशाल लेकर चलेगा, जबकि अन्य कार्यकर्ता भाजपा के झंडे और प्ले कार्ड के साथ यात्रा में शामिल होंगे।
अमर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से यात्रा में अनुशासन और उत्साह के साथ सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मंडल अध्यक्षों और महामंत्रियों को विशेष रूप से तैयारियों में जुटने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के लिए अब केवल दो दिन का समय शेष है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
बूथ से मंडल और मंडल से निर्धारित स्थल तक पहुंचेगी यात्रा
बैठक में यह भी बताया गया कि सेवा ज्योति कलश यात्रा की तैयारियों को बूथ स्तर से मंडल और मंडल स्तर से निर्धारित कार्यक्रम स्थल तक जोड़ा जाएगा। अमर अग्रवाल ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और कार्यकर्ता यदि जनसेवा की भावना के साथ काम करते हैं तो उसका व्यापक प्रभाव समाज में दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में केवल भाजपा कार्यकर्ताओं की ही नहीं, बल्कि आम जनता की सहभागिता भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से संगठन के स्तर पर व्यापक तैयारी करने की बात कही गई।
भूपेंद्र सवन्नी ने जनजागरण पर दिया जोर
बैठक में क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से देश और समाज को नई दिशा देने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनजागरण अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की जयंती के अवसर पर कलश यात्रा निकाली जाएगी और इसमें सभी समाजों के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाने चाहिए।
जिलाध्यक्ष ने विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को तैयारी में जुटने कहा
कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने संगठन के सभी पदाधिकारियों और मोर्चा अध्यक्षों से कलश यात्रा को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने विशेष रूप से बिलासपुर, बिल्हा और तखतपुर विधानसभा क्षेत्रों के सभी कार्यकर्ताओं से अभी से कार्यक्रम की तैयारियों में जुट जाने को कहा।
संत रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई कलश का विधानसभा वार वितरण
बैठक के दौरान संत रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई कलश का विधानसभा वार वितरण भी किया गया। इसके माध्यम से आगामी कार्यक्रम के लिए संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियों और तैयारियों को आगे बढ़ाने की रूपरेखा बनाई गई।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री प्रदीप कौशिक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल ने किया।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय, गुलशन ऋषि, किशोर राय, विनोद सोनी, चंद्रप्रकाश बाजपेयी, वाणी राव, पेंगन वर्मा, प्रवीण दुबे, संतोष कौशिक, अश्वनी शर्मा, देवेन्द्र कौशिक, रितेश अग्रवाल, चंदना गोस्वामी, प्रदीप शुक्ला, केके शर्मा, दुर्गेश पाण्डेय, स्नेहलता शर्मा, घनश्याम कौशिक, तुलसी बघेल, श्याम सिंह ध्रुव, मो. हनीफ, लक्ष्मीनारायण कश्यप, देवेन्द्र पाठक, एस. श्रीनिवास राव, उमाशंकर कश्यप, लव श्रीवास, इन्द्रजीत सिंह क्षत्री, दिनेश साहू, रवि मेहर और राजेश मिश्रा, योगेश बोले सहित भाजपा, मोर्चा एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।