Latest news

गांधी जयंती पर अरपा तट की सफाई, 400 से अधिक Helping Hands ने दिया स्वच्छता का संदेश

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

रिवर व्यू पॉइंट समेत आसपास के क्षेत्रों में चला ‘हमर अरपा : स्वच्छता अभियान’, बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
बिलासपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर लोक उदय फाउंडेशन की ओर से ‘हमर अरपा : स्वच्छता अभियान’ चलाया गया। अरपा नदी और उसके आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से आयोजित अभियान में फाउंडेशन के 400 से अधिक Helping Hands ने भाग लिया। इस दौरान अरपा नदी तट स्थित रिवर व्यू पॉइंट (हैप्पी स्ट्रीट) सहित आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई। साथ ही लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक किया गया।


अभियान में बच्चों और युवाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। उनके उत्साह और सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व लोक उदय फाउंडेशन के निदेशक विशाल आनंद झा ने किया। अभियान को नगर निगम, जीवन संस्कार सेवा समिति, त्रिवेणु–द हेल्पिंग हैंकीज एवं ITSA Hospital का सहयोग मिला।


कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, समाजसेवी एवं परोपकारी प्रवीण झा, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और महापौर पूजा विधानी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रवीण झा बोले- सफाई एक दिन का कार्यक्रम नहीं, निरंतर जिम्मेदारी
समाजसेवी एवं परोपकारी प्रवीण झा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे निरंतर अपनी आदत और जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना होगा। जिस तरह लोग अपने घर की सफाई का ध्यान रखते हैं, उसी भावना के साथ शहर और सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता तभी सार्थक होगी, जब हर व्यक्ति स्वयं जिम्मेदारी लेकर दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।
बच्चों से संवाद करते हुए झा ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकता है तो उसे डांटने के बजाय प्रेम और सम्मान के साथ स्वच्छता का एहसास कराना चाहिए। उन्होंने बच्चों से कहा, “जब कोई कूड़ा फेंके तो प्यार से कहिए—लाइए, आपका कूड़ा हम कचरे के डिब्बे में डाल देते हैं।” उन्होंने कहा कि ऐसी छोटी-छोटी पहल लोगों की सोच और व्यवहार में बड़ा बदलाव ला सकती है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत हमारे अपने व्यवहार से होती है। जब हम खुद कूड़ा नहीं फैलाएंगे और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करेंगे, तभी स्वच्छ और सुंदर शहर का निर्माण संभव होगा। उन्होंने बच्चों से इस संदेश को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अरपा और सार्वजनिक स्थानों को अपना समझने की अपील
लोक उदय फाउंडेशन ने गांधीजी के स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी के संदेश को आगे बढ़ाते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं जागरूक बिलासपुर के निर्माण का संकल्प दोहराया। संस्था ने नागरिकों से अपील की कि वे अरपा नदी और शहर के सार्वजनिक स्थानों को अपना समझें, वहां कूड़ा-कचरा न फैलाएं और कचरे को हमेशा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
फाउंडेशन ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की साझा जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और सुंदर बिलासपुर का सपना साकार किया जा सकता है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।