Latest news

संसद भवन में गूंजेगी बिलासपुर की बेटी की आवाज, प्रशंसा पांडे करेंगी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

नई दिल्ली रवाना होने से पहले शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुआ सम्मान, प्राध्यापकों ने दी शुभकामनाएं
बिलासपुर। बिलासपुर की बेटी प्रशंसा पांडे अब राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर संसद भवन, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित प्रशंसा पांडे को नई दिल्ली रवाना होने से पहले उनके महाविद्यालय शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिलासपुर में सम्मानित कर शुभकामनाएं दी गईं।
महाविद्यालय के प्राचार्य कमलेश सर सहित प्रोफेसर मंजू माधुरी बाजपेयी, चौधरी सर, सिन्हा मैडम, सीमा मिश्रा एवं डॉ. पूजा शर्मा सहित अन्य प्राध्यापकों ने प्रशंसा पांडे का अभिनंदन किया। इस दौरान प्राध्यापकों ने उनके राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने को उपलब्धि बताते हुए आगामी कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं।
नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता
प्रशंसा पांडे नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता रह चुकी हैं। इसके साथ ही उन्होंने विकसित भारत लीडर्स डायलॉग में भी राज्य स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है। पिछले दो वर्षों से वे नेशनल यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से विधानसभा स्तर पर युवाओं का प्रतिनिधित्व करती आ रही हैं।
Youth Icon के रूप में राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सहभागिता
युवा नेतृत्व के क्षेत्र में प्रशंसा पांडे को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से Youth Icon की उपाधि भी प्राप्त है। Youth Icon के रूप में उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सहभागिता की है। इसके अलावा प्रधानमंत्री के साथ आयोजित ‘खेल की बात’ और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों में भी उन्होंने Youth Icon के रूप में सहभागिता की है।
मेहनत और युवा नेतृत्व का राष्ट्रीय मंच तक सफर
संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रशंसा पांडे का चयन उनके निरंतर परिश्रम, युवा नेतृत्व और राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय सहभागिता से जुड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। बिलासपुर की एक युवा बेटी का संसद भवन जैसे राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना शहर और प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी अवसर है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।