








सरगांव में ‘जन जन सेवा संकल्प यात्रा’ का किया स्वागत, सोढार में ‘आंगन मिलन उत्सव’ में हुए शामिल
बिल्हा/मुंगेली। आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने बिल्हा क्षेत्र के सरगांव में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वाराणसी से वडनगर तक निकाली जा रही ‘जन जन सेवा संकल्प यात्रा’ का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने यात्रा में शामिल लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए सेवा और जनभागीदारी के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
श्री साहू ने कहा कि सेवा का भाव तभी व्यापक रूप से सार्थक होता है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से वह जनआंदोलन का रूप ले। सेवा, संवेदना और जनभागीदारी के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सकारात्मक बदलाव पहुंचाने के प्रयासों को और गति दी जा सकती है।
सोढार में ‘आंगन मिलन उत्सव’ में हुए शामिल
इससे पहले केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू जिला मुंगेली के ग्राम सोढार पहुंचे, जहां ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘आंगन मिलन उत्सव’ में उन्होंने सहभागिता की। कार्यक्रम में उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिन बहनों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की हितग्राही माताओं-बहनों का सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान श्री साहू ने बच्चों के साथ न्यौता भोज में सहभागिता की और उन्हें खिलौने वितरित किए। उन्होंने ‘एक आंगनबाड़ी–एक मुनगा पेड़’ पहल के तहत पौधरोपण भी किया।
श्री साहू ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सेवा एवं समर्पण बच्चों के पोषण, देखभाल और प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उनके प्रयास समाज के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। साथ ही बच्चों के पोषण, प्रारंभिक विकास और आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी गतिविधियों में समुदाय की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।



