Latest news

दिल की सेहत को लेकर बिलासपुर में बड़ा जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में निकली मेगा रैली

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर, 29 सितंबर 2026। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर बिलासपुर में हृदय स्वास्थ्य को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग बिलासपुर एवं अपोलो हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेगा जागरूकता रैली में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नेतृत्व किया। रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
‘डोंट मिस अ बिट’ थीम के साथ दिया स्वस्थ हृदय का संदेश
विश्व हृदय दिवस 2026 की थीम ‘डोंट मिस अ बिट’ के अनुरूप रैली में शामिल प्रतिभागियों ने लाल रिबन लगाकर हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। रैली का उद्देश्य लोगों को हृदय रोगों के जोखिम, बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
रैली सीएमडी चौक से प्रारंभ होकर अरपा रिवर व्यू तक पहुंची। रास्तेभर लोगों को हृदय को स्वस्थ रखने के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित खान-पान और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण की जरूरत का संदेश दिया गया।
स्वास्थ्य मंत्री बोले—जागरूकता और अनुशासन जरूरी
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विश्व हृदय दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर हृदय रोगों के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित व्यायाम करने, संतुलित खान-पान अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए केवल उपचार पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बीमारी से बचाव के लिए जागरूकता और अनुशासित जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग और अपोलो हॉस्पिटल की टीम ने संभाली जिम्मेदारी
मेगा जागरूकता रैली के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग और अपोलो हॉस्पिटल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल, जिला नोडल अधिकारी डॉ. बी.के. वैष्णव और जिला सलाहकार डॉ. अनुपम सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अपोलो हॉस्पिटल के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सहयोग किया।
हृदय रोगों से बचाव पर जोर
विश्व हृदय दिवस के माध्यम से आयोजित इस अभियान में लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि हृदय स्वास्थ्य को लेकर सतर्कता केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित आहार, समय पर स्वास्थ्य जांच और अनुशासित जीवनशैली को अपनाकर हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है। बिलासपुर में आयोजित यह रैली इसी संदेश के साथ समाप्त हुई कि स्वस्थ हृदय के लिए जागरूकता, नियमित देखभाल और स्वस्थ जीवनशैली को प्राथमिकता देना जरूरी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।