Latest news

कोनी के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में 2 से 4 अक्टूबर तक निःशुल्क स्पाइन सर्जरी शिविर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

मुंबई के स्पाइन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के 9 वरिष्ठ चिकित्सक करेंगे इलाज, आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण मरीजों को मिलेगी विशेषज्ञ सुविधा
बिलासपुर। आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्र के स्पाइन रोग से पीड़ित मरीजों के लिए राहत की खबर है। कुमार साहब स्व. श्री दिलीप सिंह जुदेव जी शासकीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, कोनी में 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक निःशुल्क स्पाइन सर्जरी शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन स्पाइन फाउंडेशन ऑफ इंडिया, मुंबई के सहयोग से किया जा रहा है।
शिविर में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले स्पाइन संबंधी गंभीर एवं जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मरीजों की आवश्यक जांच के बाद जरूरत के अनुसार उनकी निःशुल्क शल्यक्रिया भी की जाएगी।
9 वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम करेगी इलाज
शिविर के लिए स्पाइन फाउंडेशन ऑफ इंडिया, मुंबई के 9 वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम बिलासपुर पहुंचेगी। इनके साथ शासकीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के न्यूरोसर्जरी विभाग के अनुभवी चिकित्सक भी मरीजों के उपचार में शामिल रहेंगे। 2 से 4 अक्टूबर के दौरान मरीजों की आवश्यक जांच, चिकित्सकीय मूल्यांकन और ऑपरेशन की प्रक्रिया की जाएगी।
अप्रैल में भी आयोजित हुआ था सफल शिविर
हॉस्पिटल के संयुक्त संचालक सह चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि स्पाइन फाउंडेशन ऑफ इंडिया, मुंबई के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा इससे पहले 3 से 5 अप्रैल 2026 तक भी शासकीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में स्पाइन सर्जरी शिविर आयोजित किया गया था। उस शिविर के सफल आयोजन के बाद अब पुनः यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को स्पाइन की जटिल बीमारियों के उपचार के लिए बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता को कम करना और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सा एवं शल्य चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविर से ग्रामीण एवं जरूरतमंद मरीजों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।