Latest news

महाराजा अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश के लिए मुख्यमंत्री का आभार, अग्रवाल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से की मुलाकात

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

युवा पीढ़ी को समाजसेवा से जोड़ने, महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और छत्तीसगढ़ के विकास में समाज की सहभागिता बढ़ाने पर हुआ संवाद

रायपुर। महाराजा श्री अग्रसेन जी की जयंती पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शासकीय अवकाश घोषित किए जाने के बाद अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात में शासकीय अवकाश के लिए धन्यवाद देने के साथ ही युवा पीढ़ी, सामाजिक सहभागिता, महाराजा अग्रसेन जी के विचारों और छत्तीसगढ़ के विकास में अग्रवाल समाज की भूमिका को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।

युवाओं को समाजसेवा से जोड़ने पर जोर

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष युवाओं को समाजसेवा और सामाजिक दायित्वों से अधिक से अधिक जोड़ने का विषय रखा। चर्चा के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन जी के समानता, सहयोग, सेवा, समरसता और लोककल्याण के सिद्धांतों से परिचित कराया जाए। साथ ही युवाओं को समाज निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने की दिशा में भी काम करने पर विचार-विमर्श हुआ।

शिक्षा और जनजागरण के जरिए आदर्शों को पहुंचाने की चर्चा

सम्मेलन के पदाधिकारियों ने महाराजा अग्रसेन जी के जीवन दर्शन और आदर्शों को नई पीढ़ी के लिए मूलभूत पाठ के रूप में विकसित करने की आवश्यकता बताई। उनके विचारों को शिक्षा, सामाजिक गतिविधियों और जनजागरण के माध्यम से व्यापक स्तर तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा हुई।

पदाधिकारियों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के सिद्धांत केवल अग्रवाल समाज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें सामाजिक समानता, सहयोग और जनकल्याण की व्यापक भावना निहित है।

प्रदेश के विकास में समाज की भूमिका पर भी संवाद

मुख्यमंत्री के साथ हुई चर्चा में छत्तीसगढ़ के विकास में अग्रवाल समाज की सहभागिता और योगदान का विषय भी प्रमुखता से शामिल रहा। व्यापार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन, सेवा कार्य और सामाजिक सरोकारों के विभिन्न क्षेत्रों में समाज की भागीदारी पर चर्चा की गई।

भविष्य में प्रदेश के विकास में युवाओं और अग्रवाल समाज की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने के विषय पर भी प्रतिनिधिमंडल ने अपने विचार रखे।

शासकीय अवकाश के निर्णय पर जताया आभार

प्रतिनिधिमंडल ने महाराजा अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित किए जाने को समाज के लिए महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह निर्णय महाराजा अग्रसेन जी के विचारों और उनके सामाजिक योगदान को व्यापक स्तर पर स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है।

ये पदाधिकारी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बसंत मित्तल, प्रदेश प्रभारी श्री ईश्वर प्रसाद अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष श्री रामअवतार अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री कर्तव्य अग्रवाल एवं महेश अग्रवाल, युवा महामंत्री दीपक अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी और समाजजन उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।