
एमसीबी। जिले में सेवा, सम्मान और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ की शुरुआत की गई। अभियान के तहत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों को रंगोली, आकर्षक सजावट और स्थानीय परिवेश से जुड़ी सामग्री से सजाया गया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में पौष्टिक थाली के साथ स्थानीय व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों का सम्मान किया गया। इस दौरान महिलाओं से संवाद कर उनकी जरूरतों और योजनाओं से जुड़ी जानकारी पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में नेवता भोज का आयोजन भी हुआ।
आयोजकों के अनुसार, ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण और बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों तक सीमित रखने के बजाय समुदाय की भागीदारी और महिलाओं के सम्मान का केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रतिमा पटवा, विधायक प्रतिनिधि महेंद्र पाल, पार्षदगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में माताएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आंगन से आत्मीयता, सेवा से सम्मान और जनभागीदारी से सशक्त समाज — यही है आंगन मिलन सेवा का उद्देश्य।
सुनीता शाह
जिला संयोजक (मीडिया)
भाजपा महिला मोर्चा, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एम.सी.बी.), छत्तीसगढ़



