बिलासपुर। कांग्रेस असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बिलासपुर शहर के लिए चार नए ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू तथा संगठन एवं प्रशासन की अनुमति से, प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक के अनुमोदन पर शहर जिलाध्यक्ष गौरव ऐरी ने नियुक्तियों की घोषणा की।
जारी सूची के अनुसार ब्लॉक-1 के अध्यक्ष विनय रात्रे, ब्लॉक-2 (मध्य बिलासपुर) के अध्यक्ष परमेश्वर रजक, ब्लॉक-3 (सरकंडा) के अध्यक्ष देवकुमार वर्मा तथा ब्लॉक-4 (रेलवे) के अध्यक्ष संजय सोनार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शहर जिलाध्यक्ष गौरव ऐरी ने कहा कि यह नियुक्तियां संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे असंगठित क्षेत्र में कांग्रेस की पकड़ और प्रभाव को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सभी नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष पार्टी के वरिष्ठ, निष्ठावान और जुझारू कार्यकर्ता हैं, जो प्रारंभ से ही अपने-अपने ब्लॉक और वार्डों में कांग्रेस संगठन को सशक्त बनाने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
गौरव ऐरी ने विश्वास जताया कि इन नियुक्तियों से असंगठित क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा।
उन्होंने इस नियुक्ति के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू तथा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उम्मीद जताई कि सभी नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस की नीतियों और सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करते हुए संगठन को मजबूत बनाएंगे तथा असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर संघर्षरत रहेंगे।



