

बिलासपुर। बिदर उत्सव की रात बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र में गणेश पंडाल के पास DJ पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और तलवार, चाकू, लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला किए जाने की बात सामने आई है। हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल शैलेष कुमार राठौर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में परिवार के कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का सिम्स में उपचार जारी है। विवाद की वजह पुरानी रंजिश भी बताई जा रही है।
घटना के बाद गतौरा के जनक पहरी इलाके में तनाव का माहौल है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 14 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम में शामिल लोगों की भूमिका, इस्तेमाल किए गए हथियारों और पुराने विवाद की कड़ियों को खंगाल रही है।
DJ पर नाचने से शुरू हुआ विवाद, देखते ही देखते निकल आए हथियार
बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच गतौरा के जनक पहरी इलाके में भी बिदर उत्सव का कार्यक्रम चल रहा था। गणेश पंडाल में DJ बज रहा था। इसी दौरान DJ पर नाचने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। इसके बाद स्थिति अचानक बेकाबू हो गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों पर तलवार और चाकू समेत धारदार हथियारों से हमला कर दिया। लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। इस दौरान पथराव होने का भी आरोप है।
हमले में लहूलुहान हुआ शैलेष, इलाज के दौरान मौत
इस खूनी संघर्ष में शैलेष कुमार राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
शैलेष की मौत की खबर सामने आते ही परिवार में मातम पसर गया। वहीं घटना को लेकर इलाके में भी तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
पिता और भाई समेत कई घायल, दो की हालत गंभीर
घटना में मृतक के पिता व्यास नारायण राठौर और बड़े भाई रवि कुमार राठौर के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे विक्रम राठौर और विकास राठौर के भी घायल होने की बात कही जा रही है।
घायलों में दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। दोनों का सिम्स में उपचार जारी है।
14 संदेही पुलिस हिरासत में, पूछताछ तेज
खूनी संघर्ष की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 14 संदेहियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
परिजनों का दावा है कि हमले में करीब 13 से 15 लोग शामिल थे। हालांकि घटना में वास्तविक रूप से कितने लोग शामिल थे और किसने किस पर हमला किया, यह पुलिस की विस्तृत जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस हथियारों की भूमिका के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों को भी जांच में शामिल कर रही है।
पुराने विवाद की कड़ी भी खंगाल रही पुलिस
परिजनों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि रविवार रात हुआ विवाद केवल DJ पर नाचने को लेकर था या इसके पीछे कोई पुराना विवाद भी था।
पुलिस पूरे घटनाक्रम को जोड़कर यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात से हुई, पहला हमला किसने किया और संघर्ष के दौरान किन-किन हथियारों का इस्तेमाल किया गया।
एडिशनल एसपी ग्रामीण ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह भी गतौरा पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्नी ने मांगी फांसी, परिजनों ने बुलडोजर कार्रवाई की उठाई मांग
मृतक शैलेष राठौर की पत्नी ने घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग उठाई है।
वहीं परिजनों और स्थानीय लोगों ने कुछ आरोपियों के कथित अवैध कब्जे पर बने होटल के खिलाफ भी बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की हिरासत में लिए गए संदेहियों से पूछताछ जारी है। पुलिस जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।



