Latest news

बिलासपुर में अपराध का खूनी खेल ….गणेश प्रतिमा पहुंची ही थी… पंडाल में गूंजा चीखों का शोर, नशेड़ी ने युवक के सीने में घोंपा चाकू

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
15 Min Read

बिलासपुर में फिर खून से सना उत्सव
गाली-गलौज से भड़का नशेड़ी, पंडाल में ही युवक पर ताबड़तोड़ वार… सिम्स पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गणेश पंडाल में चाकू से हत्या, नशे में मां पर ईंट से हमला, आरक्षक को घेरा; जगह-जगह चाकू-चापड़ लहराकर दहशत

बिलासपुर।
बिलासपुर में गणेश उत्सव के बीच एक बार फिर अपराध का खौफनाक चेहरा सामने आया है। गणेश प्रतिमा लेकर गांव पहुंचे युवकों का जुलूस अभी पंडाल तक पहुंचा ही था कि गाली-गलौज ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि उत्सव की जगह चीख-पुकार गूंजने लगी। नशे में धुत युवक ने पंडाल के भीतर ही चाकू निकाला और सामने खड़े युवक के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। कुछ ही पल में युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घायल को आनन-फानन में सिम्स ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुर की है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
डीजे की धुन के बीच अचानक निकल आया चाकू
पुलिस के अनुसार ग्राम संबलपुर निवासी आकाश सूर्यवंशी, पिता अंशु सूर्यवंशी, उम्र करीब 22 वर्ष गांव के युवकों के साथ डीजे की धुन पर भगवान गणेश की प्रतिमा लेकर गांव पहुंचा था। प्रतिमा को पंडाल में स्थापित किया जा रहा था। इसी दौरान उसकी गांव के ही अमन सूर्यवंशी, पिता प्रहलाद सूर्यवंशी, उम्र 22 वर्ष से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया गया है कि अमन आदतन नशे का आदी है और घटना के समय भी नशे में था। विवाद के दौरान आकाश ने उसे गाली दी। इसके बाद अमन भड़क गया।
अगले ही पल उसने जेब से चाकू निकाला और आकाश पर हमला कर दिया।
पंडाल के भीतर ही चाकू के लगातार वार से आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर से खून बहने लगा और वह वहीं गिर पड़ा। उत्सव के माहौल में अचानक हुई चाकूबाजी से मौके पर सनसनी फैल गई।
खून से लथपथ पड़ा था युवक, घरवालों को दी गई सूचना
पंडाल में मौजूद युवकों ने घटना की जानकारी आकाश के परिजनों को दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो आकाश खून से लथपथ पड़ा था। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची।
घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसका परीक्षण किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद भाग निकला आरोपी
हत्या की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस सक्रिय हुई। टीआई उमेश साहू, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, मनोज बघेल, सज्जू अली सहित पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंडाल में मौजूद युवकों से घटना के संबंध में पूछताछ की और आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की गई। पतासाजी के दौरान पुलिस ने अमन सूर्यवंशी को सकरी क्षेत्र में घूमते हुए पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी नशे का इलाज कराकर लौटा… फिर नशे में चाकू उठाया, पड़ोसी की जान ले ली
संबलपुर में नशे की गिरफ्त में खूनी वारदात, परिवार कई बार भेज चुका था नशामुक्ति केंद्र
सकरी क्षेत्र की इस वारदात में नशे की पुरानी लत भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अमन सूर्यवंशी को परिजन पहले भी नशे की लत छुड़ाने के लिए नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं। वह कुछ समय पहले ही वहां से वापस आया था।
लेकिन घटना के दिन वह फिर नशे में था। पंडाल में विवाद और गाली-गलौज के बाद स्थिति अचानक बिगड़ी और चाकू निकल आया।
पुलिस के अनुसार इसी विवाद में आकाश पर धारदार चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सीएसपी ने बताया—वारदात के वक्त नशे में था आरोपी
सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि आरोपी आदतन नशेड़ी है और वारदात के समय भी नशे में था। वह कुछ समय पहले ही नशामुक्ति केंद्र से वापस आया था। परिजन पहले भी उसे नशा छुड़ाने के लिए नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं और इलाज कराने की कोशिश करते रहे हैं।

CASE2 : गांजा पीने वालों की शिकायत की… नशे में घर पहुंचा युवक, पिता पर चापड़ से हमला
जूनीलाइन में शिकायत बनी दुश्मनी की वजह, राजेंद्र रजक गंभीर हालत में सिम्स में भर्ती
बिलासपुर के जूनीलाइन में भी नशे से जुड़ी हिंसा का खौफनाक मामला सामने आया। सदर बाजार जूनीलाइन निवासी आदित्य रजक ने अपने घर के आसपास गांजा पीने वालों की शिकायत कोतवाली पुलिस से की थी।
इस शिकायत की जानकारी गोंड़पारा निवासी सत्यम यादव को हो गई। आरोप है कि सोमवार शाम सत्यम नशे की हालत में आदित्य के पिता राजेंद्र रजक के पास पहुंचा और चापड़ से उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।
हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। पुलिस ने तलाश कर उसे गोंड़पारा से पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी उस समय इतना नशे में था कि वह ठीक से जवाब भी नहीं दे पा रहा था।
CASE-3: शराब के लिए 500 रुपए मांगे… मां ने मना किया तो ईंट उठाकर सिर फोड़ दिया
तालापारा में रिश्ते भी नशे के आगे हारे, सो रही मां पर बेटे का हमला; जान से मारने की धमकी देकर फरार
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तालापारा में शराब के नशे में एक बेटे ने अपनी मां पर ही जानलेवा हमला कर दिया।
तालापारा संजय नगर निवासी रजिया बेगम रोजी-मजदूरी करती हैं। 13 सितंबर की रात करीब 9 बजे काम खत्म करने के बाद वह घर में सो रही थीं। इसी दौरान उनका बेटा राजू हुसैन शराब के नशे में घर पहुंचा।
वह गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए मां से 500 रुपए मांगने लगा। रजिया ने पैसे देने से मना किया तो राजू ने पास पड़ी ईंट उठा ली और सो रही मां के सिर पर दे मारी।
ईंट लगते ही महिला के सिर से खून बहने लगा। उनकी चीख सुनकर पड़ोसी यासीम खान और नाजनीन बेगम मौके पर पहुंचे। दोनों ने बीच-बचाव कर महिला को आरोपी से छुड़ाया।
लोगों की भीड़ जमा होते ही राजू अपनी मां को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
CASE-4: सड़क पर रोका… शराब के पैसे मांगे, मना किया तो ठेका श्रमिक पर धारदार हथियार से हमला
एनटीपीसी सीपत के लेबर की राह में चार लोग बने हमलावर, नहर रोड पर वारदात; एक आरोपी और दो अपचारी बालक गिरफ्तार
सीपत में एनटीपीसी से जुड़े ठेका श्रमिक के साथ भी शराब के लिए पैसे मांगकर मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है।
प्रार्थी अखिलेश यादव आनंद कुमार सिंघानिया सिविल कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर हैं। कंपनी के श्रमिक ग्राम जांजी की लेबर कॉलोनी में रहते हैं।
11 सितंबर को कंपनी का लेबर असहद अली काम से छुटने के बाद सब्जी लेकर पैदल लेबर कॉलोनी जा रहा था। इसी दौरान नहर रोड पर खड़े चार अज्ञात लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने शराब पीने के लिए उससे पैसे मांगे। पैसे नहीं देने पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया।
रिपोर्ट के बाद सीपत पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम जांजी निवासी समीर सारथी, पिता सुंदर लाल सारथी, उम्र 18 वर्ष 2 माह को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक समीर ने अपने अन्य तीन अपचारी बालकों के साथ मिलकर असहद अली से मारपीट करना स्वीकार किया।
एक अपचारी बालक के कब्जे से धारदार हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी और अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
CASE-5: मोपका में हाथ में चाकू लेकर हवा में लहराता रहा युवक
हिंदुस्तान ऑटो पार्ट्स के पास आने-जाने वालों में दहशत, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
मोपका चौकी, थाना सरकंडा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराने का मामला सामने आया।
13 सितंबर को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि हिंदुस्तान ऑटो पार्ट्स मोपका के पास एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर हवा में लहरा रहा है और आसपास तथा आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और गवाह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक चक्रवर्ती उर्फ सन्नी, पिता नंदलाल चक्रवर्ती, उम्र 36 वर्ष, निवासी पचरी घाट, बिलासपुर बताया।
उसके कब्जे से एक धारदार बटनदार चाकू बरामद किया गया। मामले में अपराध क्रमांक 1314/26, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
CASE-6: मेडिकल कॉम्पलेक्स के पीछे चाकू लहराकर दहशत फैला रहा था गुण्डा बदमाश
मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस की दबिश, आरोपी अंकुश यादव गिरफ्तार; चाकू बरामद
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुण्डा बदमाश के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धारदार चाकू बरामद किया।
14 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि अंकुश यादव, पिता सुरेश यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी टीकरापारा यादव मोहल्ला ज्वाली नाला मेडिकल कॉम्पलेक्स के पीछे मैदान के पास धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने दबिश दी।
पुलिस ने आरोपी अंकुश यादव को पकड़ लिया। उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ।
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 519/26, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एक महीने में हत्या की वारदातों की कड़ी… शहर में लगातार सामने आ रहे खून के मामले
बिलासपुर में पिछले कुछ समय से हत्या की घटनाओं की एक लंबी फेहरिस्त सामने आई है। उपलब्ध मामलों के अनुसार 10 अगस्त को देवरीखुर्द गदा चौक शराब दुकान के सामने ऑटो चालक संतोष साहू, 25 अगस्त को हिर्री पथराली निवासी राजू निर्मलकर, 28 अगस्त को हरदीकला निवासी सुभाष कुर्रे और हरदी निवासी राकेश प्रजापति, 2 सितंबर को आरपीएफ कॉलोनी रेलवे ठेकेदार के यार्ड में सुपरवाइजर नरेश गुप्ता, 8 सितंबर को पेंडारी की अवैध मुरूम खदान के गड्ढे में किन्नर बादल पासी, 11 सितंबर को लोखंडी निवासी शेख इस्माइल और 13 सितंबर को कोनी-घुटकू निवासी दो वर्षीय बच्ची परमेश्वरी उर्फ लता लोनिया की हत्या के मामले सामने आए।
अब संबलपुर के गणेश पंडाल में आकाश सूर्यवंशी की चाकू मारकर हत्या का मामला भी इसी कड़ी में सामने आया है।
नशामुक्ति केंद्र से लौटने के बाद फिर नशा… विशेषज्ञ ने बताई स्थिति
सिम्स के मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. सुजीत नायक के अनुसार नशे की समस्या से जूझने वाले सभी लोगों के लिए एक जैसा इलाज या कोई एक प्रोटोकॉल नहीं हो सकता। कुछ लोगों का नशा बीच में छूट जाता है, जबकि कुछ लोगों में यह आदत लंबे समय तक बनी रहती है।
नशामुक्ति केंद्र में इलाज के बाद मरीज को घर भेज दिया जाता है। कुछ लोग समाज की मुख्यधारा से जुड़ जाते हैं, जबकि कुछ दोबारा पुरानी आदतों में लौट जाते हैं। संबलपुर की घटना में पुलिस के अनुसार आरोपी पहले नशामुक्ति केंद्र जा चुका था और वारदात के समय नशे में था।
बिलासपुर में एक के बाद एक वारदातों में सामने आया नशा और धारदार हथियार
गणेश प्रतिमा के पंडाल में हत्या, जूनीलाइन में चापड़ से हमला, सीपत में शराब के पैसे मांगकर ठेका श्रमिक पर हमला, भिल्मी में आरक्षक से मारपीट, तालापारा में शराब के लिए मां से रुपए मांगकर ईंट से हमला और मोपका व कोतवाली इलाके में सार्वजनिक जगहों पर चाकू लहराने की घटनाएं—इन सभी मामलों में हिंसा, नशा या धारदार हथियार किसी न किसी रूप में सामने आया है।गणेश उत्सव के पंडाल से लेकर सड़क, लेबर कॉलोनी, रिहायशी इलाके और सार्वजनिक मैदान तक—अलग-अलग जगहों पर सामने आई इन वारदातों ने बिलासपुर में अपराध के बदलते और हिंसक रूप की तस्वीर सामने रखी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।