बिलासपुर। सिम्स अस्पताल के दवा वितरण केंद्र में स्टाफ को अपशब्द कहकर धमकी-चमकी देना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर युवक का वीडियो वायरल हुआ तो सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान कर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस की कार्रवाई के बाद सिम्स में धमकाने-डराने वाले युवक की हेकड़ी निकल गई।
इंस्टाग्राम पर प्रसारित वीडियो में एक व्यक्ति सिम्स अस्पताल के दवा वितरण केंद्र में पदस्थ स्टाफ के साथ कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल करता दिखाई दे रहा था। वीडियो में वह स्टाफ को धमकी-चमकी देकर भयभीत करता नजर आया। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा।
वीडियो से हुई युवक की पहचान
सिटी कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान शुरू की। जांच के बाद उसकी पहचान प्रियांशु मिश्रा, पिता दीपक मिश्रा, उम्र 22 वर्ष, निवासी सरजू बगीचा, सिविल लाइन, बिलासपुर के रूप में हुई।
शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका, पुलिस ने कसा शिकंजा
पुलिस के मुताबिक आरोपी के इस कृत्य से क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने न केवल युवक की पहचान की, बल्कि उसके खिलाफ कार्रवाई कर यह संदेश भी दिया कि सार्वजनिक संस्थान में पदस्थ कर्मचारियों को धमकाने और भयभीत करने की कोशिश को हल्के में नहीं लिया जाएगा।इंस्टाग्राम पर धमकी का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने तलाश शुरू की और पहचान होते ही कार्रवाई कर दी। सिम्स में स्टाफ को डराने-धमकाने वाला युवक अब पुलिस की कार्रवाई के दायरे में है।



