Latest news

मोदी के 25 साल: भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाएगी सेवा संकल्प अभियान

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

धरमलाल कौशिक बोले- मोदी के नेतृत्व में बदली देश की तस्वीर, 25 करोड़ परिवार गरीबी रेखा से बाहर आए; 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 4 करोड़ से ज्यादा गरीबों को आवास
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा इस बार एक माह तक विशेष सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। अब तक पार्टी की ओर से सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाता रहा है, लेकिन इस बार अभियान का दायरा बढ़ाते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। भाजपा का दावा है कि अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी कार्यों से आम लोगों के जीवन में आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत किया जाएगा।
भाजपा जिला कार्यालय में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी की शुरुआत की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनकी जनसेवा की यात्रा लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने शुरुआत से ही जनसेवा से राष्ट्रसेवा के मंत्र को अपनाया और अपने ध्येय वाक्य एवं संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने का प्रयास किया।
25 साल में गरीबों के जीवन में बदलाव का दावा
कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में गरीबों और आम लोगों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए कई बड़े काम हुए हैं। उनके अनुसार, 25 करोड़ गरीब परिवारों को गरीबी रेखा से बाहर लाने, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने, 100 करोड़ से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने और 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण से लोगों के जीवन में बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में 200 करोड़ कोविड वैक्सीन के मुफ्त टीकाकरण और 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों के लिए आवास निर्माण सामान्य उपलब्धियां नहीं हैं। ये ऐसे परिवर्तन हैं, जिन्होंने आम लोगों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यकर्ता से प्रधानसेवक तक का सफर
कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सफर एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ और आज वे देश के प्रधानसेवक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने जिस संकल्प और सोच के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी, उसे लगातार आगे बढ़ाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि जब नरेंद्र मोदी ने देश का नेतृत्व संभाला, तब पूरे देश में निराशा और अंधकार का माहौल था। आज भारत दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की अलग पहचान बनी है और देश की साख तथा सम्मान में लगातार वृद्धि हुई है।
37 अंतरराष्ट्रीय सर्वोच्च सम्मान का भी किया उल्लेख
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक 37 अंतरराष्ट्रीय सर्वोच्च सम्मान मिल चुके हैं। उन्होंने इसे केवल प्रधानमंत्री का व्यक्तिगत सम्मान नहीं बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के पुरुषार्थ का सम्मान बताया। कौशिक के मुताबिक, मोदी के नेतृत्व में विश्व स्तर पर भारत का प्रभाव और सम्मान जिस तरह बढ़ा है, वह देशवासियों के सामने है।
17 सितंबर को सेवा दिवस, बूथ से राष्ट्रीय स्तर तक होंगे कार्यक्रम
भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी दिन से 17 अक्टूबर तक एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलेगा। अभियान के तहत बूथ, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक 12 सूत्रीय विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कौशिक ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है। साथ ही भाजपा कार्यकर्ता और आमजन मिलकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संदेश को आगे बढ़ाएंगे। अभियान में देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भी सहभागिता रहेगी।
पत्रकार वार्ता में ये रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री प्रदीप कौशिक, जिला मीडिया प्रभारी के.के. शर्मा और जिला मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।