Latest news

बिलासपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’, अपराधियों पर चौतरफा शिकंजा; चोर से लेकर चाकूबाज और कबाड़ी तक पुलिस के निशाने पर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

24 घंटे में चोरी का खुलासा, तलवार-चाकू लहराने वाले 5 गिरफ्तार, 11 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई; 4 स्थायी वारंटी भी दबोचे, 310 किलो कबाड़ जब्त
बिलासपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर बिलासपुर पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक साथ कई मोर्चों पर बड़ा अभियान छेड़ दिया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चोरी, हथियारबाजी, अड्डेबाजी और अवैध कबाड़ के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर शिकंजा कसा है। सरकंडा में 24 घंटे के भीतर दोपहिया वाहन और मोबाइल चोरी का खुलासा कर एक विधि से संघर्षरत बालक को संरक्षण में लिया गया, जबकि सीपत, सिरगिट्टी और पचपेड़ी में तलवार-चाकू लेकर दहशत फैलाने वालों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। सिविल लाइन में एक बदमाश पर आर्म्स एक्ट और 11 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई। वहीं बिल्हा पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 310 किलो लोहे का कबाड़ जब्त कर दो संदिग्धों पर कार्रवाई की। पुलिस की इस एक साथ हुई कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
सरकंडा में 24 घंटे में चोरी का खुलासा: पल्सर, प्लेजर और मोबाइल बरामद
सरकंडा थाना और ACCU की टीम ने सलीम मिरी की पल्सर मोटरसाइकिल CG 10 BM 1677 चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को संरक्षण में लिया। पूछताछ में उसने वाइजर का तार डायरेक्ट कर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार उसने साइंस कॉलेज के पास से सैमसंग मोबाइल और खपरगंज-जवाली नाला रोड से प्लेजर स्कूटी CG 04 MX 7653 चोरी करना भी बताया।
बालक की निशानदेही पर ज्योति होटल सीपत रोड के पीछे पानी टंकी के पास से पल्सर और प्लेजर स्कूटी तथा उसके कब्जे से सैमसंग मोबाइल बरामद किया गया। उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
सीपत में तलवार लहराने वाले तीन गुंडा बदमाश गिरफ्तार
आगामी त्योहारों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीपत पुलिस ने तीन गुंडा बदमाशों सोहन वर्मा, अमलेश उर्फ छोटू साहू और राजकुमार केंवट को तलवार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया।
इसके साथ ही लंबे समय से फरार चार स्थायी वारंटियों जेठूराम वागले, मुन्नालाल, महेंद्र केंवट और नीलकमल सूर्यवंशी को भी पकड़कर संबंधित न्यायालयों में पेश किया गया।
सिरगिट्टी में मस्जिद के पास चाकू लेकर घूम रहा था बदमाश, जेल भेजा
सिरगिट्टी पुलिस ने किर्तीनगर में मस्जिद के पास धारदार चाकू लेकर आने-जाने वालों को डराने-धमकाने की सूचना पर अभिषेक मिश्रा उर्फ जस्टीन को घेराबंदी कर पकड़ा। उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पचपेड़ी में बस्ती के बीच तलवार लहराते पकड़ा गया रोहित
पचपेड़ी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पचपेड़ी की बस्ती में रोहित पाटले तलवार लेकर लहरा रहा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और उसके कब्जे से तलवार जब्त की। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 262/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
सिविल लाइन में भी पुलिस का प्रहार, 12 पर कार्रवाई
मिनीबस्ती जरहाभाठा क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई की। विशाल डहरिया को धारदार लोहे के चाकू के साथ पकड़कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं फारूख कुरैशी, अमित श्रीवास, राजेश्वर बहेलिया, अब्दुल आबिद, बाबा खान, सईद अहमद, मोहम्मद जहीर खान, आर्यन रात्रे, देव सिदार, समद अली और साहिल कुमार समेत 11 लोगों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126, 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
बिल्हा में कबाड़ पर ‘ऑपरेशन प्रहार’, 310 किलो माल जब्त
बिल्हा पुलिस ने ग्राम भैसबोड़ फाटक के पास साइकिल रिक्शा में लोहे का कबाड़ लेकर जा रहे भानु प्रताप चतुर्वेदी और मुकेश दास मानिकपुरी को पकड़ा। दोनों के पास से कुल 310 किलो लोहे का कबाड़ बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार भानु प्रताप के कब्जे से 150 किलो तथा मुकेश दास से 160 किलो लोहे की छड़, टीना और अन्य कबाड़ सामग्री मिली। पुलिस ने चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की आशंका को देखते हुए दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस का साफ संदेश—त्योहार में खलल डाला तो सीधे कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने साफ कर दिया है कि आगामी त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने, हथियार लेकर घूमने, नशाखोरी, अड्डेबाजी, चोरी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।