28 अगस्त के बवाल के बाद पुलिस की धरपकड़ ते सोहेल समेत 6 का कोतवाली से सदर बाजार तक जुलूस | सोहेल के घर से एयर पिस्टल और देसी कट्टा बरामद | एक ही दिन में सिरगिट्टी, हिर्री, बिल्हा, तारबाहर, तोरवा, सरकंडा और मस्तूरी में कार्रवाई | त्योहारों से पहले असामाजिक तत्वों पर पुलिस का दबाव बढ़ा
बिलासपुर। 28 अगस्त की रात शहर में हुए बवाल के बाद बिलासपुर पुलिस अब एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई करती नजर आ रही है। एक तरफ विवाद में शामिल गुटों के आरोपियों की गिरफ्तारी और पैदल जुलूस निकाला जा रहा है, तो दूसरी तरफ आगामी जन्माष्टमी और गणेश पर्व से पहले चाकू, तलवार, फरसा, अवैध शराब, अड्डेबाजी और अशांति फैलाने वालों पर कार्रवाई का सिलसिला तेज कर दिया गया है। इसी बीच प्रशासन ने सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए 3 सितंबर को शांति मार्च निकालने का फैसला किया है।
















बुधवार को शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से सामने आई पुलिस कार्रवाई को देखें तो सिरगिट्टी, हिर्री, बिल्हा, तारबाहर, तोरवा, सरकंडा और मस्तूरी पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की। कहीं धारदार हथियार लहराते बदमाश पकड़े गए, कहीं शराब बेचने वालों पर कार्रवाई हुई, तो कहीं प्रतिबंधात्मक धाराओं में बदमाशों को न्यायालय और कार्यपालिक दंडाधिकारी के सामने पेश किया गया।
सोहेल समेत 6 का पैदल जुलूस, बवाल के बाद पुलिस का सख्त एक्शन

28 अगस्त की रात हुए बवाल के बाद पुलिस की धरपकड़ लगातार जारी है। मंगलवार को निगरानी बदमाश सोहेल खान को गिरफ्तार किया गया था। उसके गुट के पांच अन्य आरोपियों—अब्दुल रज्जाक मकवाना, अरबाज खान, नुमान अली, शेख सुल्तान और मोहम्मद मुस्तकीन—को भी पुलिस ने पकड़ा।
बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस ने सभी छह आरोपियों का कोतवाली से सदर बाजार तक पैदल जुलूस निकाला। इसके बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से देर शाम उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार सोहेल के खिलाफ पहले से 11 मामले दर्ज हैं। 28 अगस्त को राम सिंह और सोहेल गुट के बीच विवाद के बाद दोनों पक्षों में पथराव और तोड़फोड़ हुई थी। इसी दौरान सोहेल के एयरगन से फायरिंग करने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। पुलिस के मुताबिक अब तक दोनों गुटों के 20 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, जिनमें सोहेल गुट के 17 और राम सिंह गुट के तीन आरोपी शामिल हैं।
घर से एयर पिस्टल और देसी कट्टा बरामद
पुलिस ने सोहेल से पूरी रात पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर उसके घर से एक एयर पिस्टल और देसी कट्टा बरामद किए जाने की बात सामने आई है। गिरफ्तारी से पहले दिए गए एक इंटरव्यू में सोहेल ने खुद को विवाद से दूर बताया था, लेकिन वायरल सीसीटीवी फुटेज में उसकी मौजूदगी सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हुई।
राम सिंह और भाई के घर देर रात रेड
इधर विवाद में शामिल बताए जा रहे राम सिंह और उसके भाई के घर पर भी पुलिस ने देर रात दबिश दी। पुलिस के मुताबिक दोनों जगहों पर तलाशी के दौरान कुछ नहीं मिला। रायपुर में बैठी पुलिस टीम को भी अब तक राम का सुराग नहीं मिला है। पुलिस बिलासपुर, रायपुर के साथ-साथ अन्य जिलों के ग्रामीण इलाकों में भी उसके और उसके साथियों के छिपे होने की आशंका के आधार पर लगातार दबिश दे रही है।
चाकू-तलवार से शराब तक… सात थाना क्षेत्रों में पुलिस की एक साथ कार्रवाई
28 अगस्त के बवाल के बाद शहर में त्योहारों का दौर शुरू होने से पहले पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। इसका असर बुधवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में दिखाई दिया।
सिरगिट्टी में अड्डेबाजी और नशाखोरी पर 5 गिरफ्तार
थाना सिरगिट्टी पुलिस ने नयापारा, गणेश नगर, तिफरा समेत चिन्हांकित अड्डेबाजी वाले स्थानों पर लगातार चेकिंग करते हुए पांच लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में—
देवेन्द्र पाटले, 22 वर्ष, नयापारा गणेश नगर
शेख महबूब, 20 वर्ष, नयापारा गणेश नगर
क्पुर नवरंग, 29 वर्ष, नयापारा गणेश नगर
आनंद राजपूत, 24 वर्ष, नयापारा गणेश नगर
सिद्धार्थ वर्मा उर्फ बांदुल, 20 वर्ष, विष्णु चौक तिफरा
शामिल हैं।
पुलिस ने इन्हें शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत देते हुए प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की और सभी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
हिर्री में अवैध कबाड़ दुकान संचालक समेत 5 पर कार्रवाई
थाना हिर्री पुलिस ने अवैध कबाड़ दुकान के संचालन और क्षेत्र में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में—
सरोज कोशले, 26 वर्ष, खजुरी
भगवान सिंह छेदाम, 45 वर्ष, खजुरी
सुनील घृतलहरे, 20 वर्ष, मोहदा
युसुफ खान, 58 वर्ष, तुलसीनगर, तालापारा
दीपक चौहान, 30 वर्ष, परसदा, चकरभाठा
को पकड़ा गया।
खजुरी, मोहदा और अन्य स्थानों पर चेकिंग के दौरान कार्रवाई करते हुए सभी को प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया।
बिल्हा में तलवार और फरसा लेकर सड़क पर निकले दो बदमाश
थाना बिल्हा पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने की स्थिति में थे।
शनिचरी बाजार बिल्हा में आयुष मिश्रा, 26 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 3, के हाथ में लोहे की तलवार मिली। वहीं वार्ड क्रमांक 3 में संजू यादव, 25 वर्ष, के कब्जे से लोहे का फरसा बरामद किया गया।
दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 453/2026 और 454/2026 में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
पुलिस के मुताबिक आयुष मिश्रा पूर्व से आदतन बदमाश है।
तारबाहर में चाकू के साथ आरोपी गिरफ्तार, 7 अन्य पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
आगामी जन्माष्टमी और गणेश पर्व को देखते हुए तारबाहर पुलिस ने पेट्रोलिंग बढ़ाई। गिरजा चौक के पास एक व्यक्ति के धारदार चाकू लेकर खड़े होने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर विशाल देवांगन उर्फ विशु, 27 वर्ष, निवासी नयापारा सिरगिट्टी को पकड़ा।
उसके कब्जे से एक स्टील का धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक प्रकरण दर्ज है। उसके खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की गई।
इसी कार्रवाई के दौरान सात अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया गया।
तोरवा में चाकूबाजों पर सीधी कार्रवाई: 5 आर्म्स एक्ट केस, 6 आरोपी गिरफ्तार
त्योहारों के मद्देनजर तोरवा पुलिस ने भी धरपकड़ तेज कर दी। पुलिस के मुताबिक अलग-अलग स्थानों पर चाकू लहराने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा एक अन्य चाकूबाजी मामले के फरार आरोपी को भी पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में—
निलेश उर्फ छोटू गंगोत्री, 24 वर्ष, अटल आवास देवरीखुर्द
घनश्याम मिश्रा, 40 वर्ष, देवरीखुर्द
रविशंकर पाल, 22 वर्ष, लालखदान ओवरब्रिज के पास
सरोज यादव, 37 वर्ष, लालखदान
दीपक बघेल उर्फ शिब्बू, 23 वर्ष, गणेश नगर सिरगिट्टी
सिद्धार्थ उर्फ सिद्धु साहू, निवासी नयापारा सिरगिट्टी
शामिल हैं।
पुलिस ने कुल 6 लोहे के धारदार चाकू जब्त किए। पांच आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज किए गए, जबकि सिद्धार्थ उर्फ सिद्धु को एक अन्य चाकूबाजी मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
सरकंडा में चार जगह चाकू लहराते 4 बदमाश पकड़े
सरकंडा पुलिस ने 2 सितंबर को टाउन भ्रमण के दौरान मुखबिर की सूचना पर अमरैया चौक, बहतराई चौक, महामाया चौक और सीपत चौक में कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक चारों जगह अलग-अलग आरोपी आम लोगों को धारदार बटनदार चाकू दिखाकर डराने-धमकाने की स्थिति में थे। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ा और तलाशी में चार अलग-अलग धारदार चाकू बरामद किए।
आरोपियों की पहचान—
भारत कुलपहाड़ी, 32 वर्ष, चिंगराजपारा
साहिल सूर्यवंशी, 20 वर्ष, प्रभात चौक चिंगराजपारा
मोहित राव कामले, 19 वर्ष, चिंगराजपारा
अभिषेक साहू उर्फ नानू, 21 वर्ष, श्याम नगर लिंगियाडीह
के रूप में हुई।
चारों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की गई।
सरकंडा में 7 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
इसी क्रम में पुलिस ने संतोष सोनी, ताज खान, सुनील साहू, शेख शहजादा हुसैन उर्फ बबलू, ऋषि देवांगन, नरोत्तम कश्यप और साहेब लाल राजपूत के खिलाफ धारा 170, 126-3, 135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की।
इसके अलावा ओमप्रकाश निषाद, नीव अनचंदानी, प्रसन्नजीत सिन्हा, सत्यप्रकाश शास्त्री और मुकारक अली के खिलाफ धारा 126-3, 135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर कराया गया।
मस्तूरी में 35 पाव शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मस्तूरी पुलिस ने ग्राम भदौरा में कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति शराब बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रमेश कुमार पात्रे, 55 वर्ष, निवासी भदौरा को पकड़ा। उसके कब्जे से 35 नग देशी प्लेन मदिरा, कीमत 2,800 रुपए, बरामद की गई।
आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
रतनपुर में महिला शराब कोचिया गिरफ्तार, 32 पाव शराब जब्त
रतनपुर पुलिस ने ग्राम परसदा में शराब बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गौरी देवदत्त, 36 वर्ष, निवासी परसदा लखराम को गिरफ्तार किया।
उसके कब्जे से 32 पाव देशी प्लेन शराब, कुल 5.760 लीटर, कीमत 2,560 रुपए, बरामद की गई। आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
प्रशासन ने भी संभाला मोर्चा, निकलेगा शांति मार्च
पुलिस कार्रवाई के साथ प्रशासन ने सामाजिक तनाव को देखते हुए 3 सितंबर को शांति मार्च निकालने का फैसला किया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में हुई शांति समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
मार्च अपराह्न 4 बजे नेहरू चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी चौक पर समाप्त होगा। बैठक में सभी समाज और समुदायों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान शांति, सौहार्द और भाईचारे से रही है। उन्होंने नागरिकों से संयम बनाए रखने और अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने की बात कही। प्रशासन ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए वह पूरी तरह सजग है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में अब शांति लौट आई है और स्थिति सामान्य है। उन्होंने आगामी तीज-त्योहारों को देखते हुए आयोजनों में अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में अथवा हथियार लेकर आने वाले लोगों को किसी भी आयोजन में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस और प्रशासन को सूचना देने की अपील की।
बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, एसडीएम मनीष साहू, शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समाजों और संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
एक साथ कई मोर्चे
28 अगस्त के बवाल के बाद पुलिस की कार्रवाई अब सिर्फ पुराने विवाद तक सीमित नहीं दिख रही। शहर में एक तरफ बवाल से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी और पैदल जुलूस हो रहा है, दूसरी तरफ त्योहारों से पहले चाकू-तलवार लेकर घूमने वालों, शराब बेचने वालों, अड्डेबाजों और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के दायरे में आने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
क्या यह त्योहारों से पहले कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन की व्यापक कवायद है, या 28 अगस्त के बाद पुलिस का एक साथ कई मोर्चों पर ‘ऑपरेशन’—बिलासपुर में फिलहाल दोनों तस्वीरें एक साथ दिखाई दे रही हैं।



