मूसलाधार बारिश से मकान ढहा, बेघर हुई महिला ने कलेक्टर से मांगी आर्थिक मदद और पीएम आवास योजना का लाभ
बिलासपुर। लगातार हो रही बारिश का कहर अब आम लोगों के आशियानों पर भी टूटने लगा है। शहर के शंकर नगर वार्ड क्रमांक-44 में रहने वाली एक महिला का मकान मूसलाधार बारिश के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में घर का पूरा सामान भी खराब हो गया। अब पीड़ित महिला ने जनदर्शन में कलेक्टर से आर्थिक सहायता और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगाई है।
पीड़िता निशा प्रधान, पति स्वर्गीय नरेश प्रधान, ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि 17 जुलाई 2026 को हुई तेज बारिश के कारण शंकर नगर स्थित उनका कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान ढहने से घर में रखा दैनिक उपयोग का सामान भी नष्ट हो गया, जिससे परिवार गंभीर आर्थिक संकट में आ गया है।
आवेदन में उन्होंने बताया कि यह उनका एकमात्र आवास था और अब रहने के लिए कोई दूसरा घर नहीं बचा है। ऐसी स्थिति में परिवार के सामने सिर छिपाने तक का संकट खड़ा हो गया है।


पीड़िता ने कलेक्टर से मांग की है कि मकान क्षति का सर्वे कराकर शासन की ओर से आर्थिक सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराई जाए और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नया मकान स्वीकृत किया जाए, ताकि उनका परिवार दोबारा सामान्य जीवन जी सके।
बारिश से हुए नुकसान के बाद जनदर्शन में इस तरह के कई आवेदन पहुंचे, जिनमें मकान क्षति, जलभराव, मुआवजा और राहत सहायता की मांग प्रमुख रही।



