विजय केशरवानी बोले- भूखे हैं गरीब परिवार, राशन से लेकर दस्तावेज तक बह गए; घर-घर पहुंचकर बांटा भोजन, तत्काल सर्वे और मुआवजे की मांग







बिलासपुर। मूसलाधार बारिश और बाढ़ के तीन दिन बाद भी बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के कई प्रभावित वार्डों में राहत कार्यों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी ने नगर निगम प्रशासन पर राहत कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में प्रभावित परिवार अब भी भोजन, पेयजल और जरूरी राहत सामग्री के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि प्रशासन प्रभावी राहत पहुंचाने में विफल रहा है।
विजय केशरवानी लगातार तीसरे दिन खतराई, बहतराई, बिजौर सहित बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित वार्डों में पहुंचे। उन्होंने घर-घर जाकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और सहयोगियों के साथ जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई।
‘प्राकृतिक आपदा में राहत पहली जिम्मेदारी, लेकिन प्रशासन नाकाम’
विजय केशरवानी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय राहत और बचाव कार्य प्रशासन की पहली जिम्मेदारी होती है, लेकिन तीन दिन बाद भी बेलतरा के अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों में नगर निगम का राहत तंत्र प्रभावी रूप से नहीं पहुंच सका। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब परिवार भूख, बेघरपन और बदहाली झेल रहे हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से बचते दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के करोड़ों रुपये प्रचार-प्रसार और अन्य मदों में खर्च किए जाते हैं, लेकिन संकट की इस घड़ी में बाढ़ पीड़ितों तक समय पर भोजन और राहत सामग्री तक नहीं पहुंचाई जा सकी। उनके अनुसार, यह नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
बाढ़ में बह गया राशन, घरों का सामान और जरूरी दस्तावेज
दौरे के दौरान प्रभावित परिवारों ने बताया कि घरों में रखा कई महीनों का राशन पानी में भीगकर खराब हो गया है। बर्तन, बिस्तर, कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी बाढ़ में बह गए या खराब हो गए हैं। कई मकानों को नुकसान पहुंचा है और लोग अब भी मलबे से अपना सामान निकालने में जुटे हैं।
पीड़ितों ने यह भी बताया कि बच्चों की किताबें, कॉपियां, मार्कशीट और अन्य शैक्षणिक दस्तावेज नष्ट हो गए हैं। कई परिवारों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी पानी में बह गए, जिससे भविष्य में सरकारी योजनाओं और सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ लेने को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्रशासन से की ये प्रमुख मांगें
विजय केशरवानी ने जिला प्रशासन से मांग की कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के सभी बाढ़ प्रभावित वार्डों का तत्काल सर्वे कराया जाए। प्रत्येक प्रभावित परिवार को खाद्यान्न, आवश्यक घरेलू सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। क्षतिग्रस्त मकानों का शीघ्र मुआवजा दिया जाए तथा जिन लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज नष्ट हो गए हैं, उनके पुनर्निर्माण के लिए विशेष शिविर लगाए जाएं।
उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में बेलतरा की जनता राहत नहीं, बल्कि अपना अधिकार मांग रही है। प्रशासन को राजनीति और औपचारिकताओं से ऊपर उठकर राहत एवं पुनर्वास कार्य युद्धस्तर पर शुरू करना चाहिए।
दौरे में ये रहे मौजूद
राहत एवं निरीक्षण दौरे के दौरान पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी के साथ कांग्रेस नेता विनोद साहू, पार्षद मनोज सोनकर, ब्लॉक अध्यक्ष हितेश देवांगन, पवन चंद्राकर, पुष्पराज साहू, छोटकू साहू, जानू कौशिक, कमल कश्यप, अर्चना सूर्यवंशी, अन्नपूर्णा तिवारी, गौरव सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



