Latest news

बिलासपुर में गुंडों-चाकूबाजों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा: सुबह-सुबह 90 बदमाश उठाए, 12 भेजे गए जेल, 2 के पास मिले अवैध हथियार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए बिलासपुर पुलिस ने रविवार सुबह बड़े स्तर पर विशेष सघन अभियान चलाया। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आदतन गुंडा-बदमाशों, चाकूबाजों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के ठिकानों पर दबिश दी। अभियान में 90 लोगों को हिरासत में लेकर सत्यापन और पूछताछ की गई, जिनमें से 76 के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जबकि 12 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। वहीं दो लोगों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार बरामद होने पर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य शहर में सक्रिय चाकूबाजों, निगरानीशुदा बदमाशों और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था। इसके लिए सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों को एक साथ मैदान में उतारा गया और चिन्हित बदमाशों के घरों व ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया गया।
76 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, 12 पहुंचे जेल
कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिए गए 90 लोगों की जांच के बाद 76 आदतन गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 12 लोगों को धारा 170 BNSS के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
दो आरोपियों के पास मिले अवैध धारदार हथियार
अभियान के दौरान दो व्यक्ति अवैध धारदार हथियार के साथ पकड़े गए। पुलिस ने उनके कब्जे से हथियार जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस की सख्त चेतावनी
अभियान के दौरान सभी चिन्हित असामाजिक तत्वों, निगरानीशुदा बदमाशों और चाकूबाजों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि वे मारपीट, चाकूबाजी, अवैध हथियार रखने, भय का माहौल बनाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने जैसी गतिविधियों में शामिल पाए गए तो उनके खिलाफ और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर जिला बदर, निरोधात्मक कार्रवाई और अन्य कठोर कानूनी प्रावधान भी लागू किए जाएंगे।
पुलिस का संदेश: अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं
बिलासपुर पुलिस ने साफ किया है कि जिले में गुंडागर्दी, चाकूबाजी और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
एक नजर में कार्रवाई
शहर के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान
90 संदिग्ध और आदतन बदमाश हिरासत में
76 पर BNSS की धारा 126 व 135(3) के तहत कार्रवाई
12 आरोपी न्यायालय से जेल भेजे गए
2 आरोपियों से अवैध धारदार हथियार बरामद
आर्म्स एक्ट के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज
अपराधियों को जिला बदर सहित कठोर कार्रवाई की चेतावनी

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।