Latest news

सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पर फूटा बयान बम… भाजपा का कांग्रेस पर तीखा पलटवार, विधायक बोले- “पांच साल मशीनों के डिब्बे तक नहीं खुले, अब सुर्खियां बटोरने की राजनीति”

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। 200 करोड़ की लागत से बने जूदेव स्मृति सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल को लेकर बिलासपुर की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के आरोपों के बाद भाजपा ने आक्रामक रुख अपनाते हुए पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी और कांग्रेस नेतृत्व पर सीधा हमला बोला है। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने दो टूक कहा कि विजय केशरवानी फिलहाल कांग्रेस में किसी पद पर नहीं हैं और केवल अखबारों की सुर्खियों में बने रहने के लिए तथ्यहीन बयानबाजी कर रहे हैं।
सुशांत शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस के पांच वर्षों के शासनकाल में अस्पताल की मशीनों के डिब्बे तक नहीं खोले गए। अब भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अस्पताल को जनता के लिए शुरू किया है। उन्होंने कहा कि देशभर में वरिष्ठ एमडी स्तर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है, इसलिए उनकी नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। बड़े संस्थानों से विशेषज्ञ डॉक्टरों को जोड़ा जा रहा है और उनके आने के बाद अस्पताल पूरी क्षमता से संचालित होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अस्पताल का किसी भी निजी संस्था को संचालन नहीं सौंपा जा रहा है।


इधर भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल और जिला प्रवक्ता प्रणव शर्मा समदरिया ने भी कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल को वर्ष 2014-15 में भाजपा सरकार ने स्वीकृति दी थी और 2018 में निर्माण पूरा हो गया था, लेकिन कांग्रेस सरकार इसे शुरू नहीं कर सकी। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस सरकार की लापरवाही के कारण महंगे उपकरण वर्षों तक बंद पड़े रहे और उनका मेंटेनेंस अनुबंध भी समाप्त हो गया।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि 29 अक्टूबर 2024 से अस्पताल का संचालन शुरू होने के बाद मरीजों की संख्या लगातार बढ़ी है। जहां पहले प्रतिदिन 10 से 20 मरीज पहुंचते थे, वहीं अब रोजाना 120 से 140 मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। अस्पताल में लिथोट्रिप्सी के जरिए बिना चीर-फाड़ पथरी का इलाज, न्यूरोलॉजी और यूरोलॉजी की नियमित सर्जरी, स्पाइन ऑपरेशन समेत कई विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को निशुल्क इलाज मिलने का भी दावा भाजपा ने किया है।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग अब और तेज हो गई है। एक तरफ कांग्रेस अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रही है, तो दूसरी ओर भाजपा पिछली कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली को मुद्दा बनाकर पलटवार कर रही है।

🖋️ मोहम्मद इसराइल
Editor | News Dawn Chhattisgarh
📱 Mob: +91 99930 77736
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
🎥 एमडी अयाज
Video Journalist
📱 Mob: +91 73897 50786
खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।