Latest news

सहकारिता सप्ताह 29 जून से, सदस्यता अभियान से लेकर ड्रोन प्रदर्शन तक होंगे कार्यक्रम

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूरे होने पर जिलेभर में 6 जुलाई तक आयोजित होंगे विविध आयोजन, “सहकार से समृद्धि” अभियान को मिलेगा विस्तार
बिलासपुर। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 जून से 6 जुलाई तक जिलेभर में सहकारिता सप्ताह मनाया जाएगा। इसकी रूपरेखा शनिवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में जारी की गई। इस दौरान सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश कुमार सिंह और छत्तीसगढ़ लघु वनोपज निगम के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को संबोधित किया।
रजनीश कुमार सिंह ने कहा कि सहकारिता सप्ताह केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि “सहकार से समृद्धि” के राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार अलग सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया, जिससे सहकारिता आंदोलन को नई दिशा और नई पहचान मिली। डिजिटलीकरण, पारदर्शिता और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के साथ सहकारिता को जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) को सशक्त बनाने, सदस्यता बढ़ाने, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और किसानों की आय में वृद्धि के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं।
राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सहकारिता को ग्रामीण विकास का प्रमुख माध्यम बनाया गया है। वहीं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में सहकारी संस्थाओं को अधिक पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ लघु वनोपज निगम के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि सहकारिता सप्ताह का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता, सदस्यता विस्तार और पर्यावरण संरक्षण जैसे रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा देना है।
ऐसे होंगे सहकारिता सप्ताह के कार्यक्रम
29 जून: सहकारी ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान तथा दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों के माध्यम से आय वृद्धि पर परिचर्चा।
30 जून: जिला सहकारी विकास समिति की बैठक एवं साख समितियों की भूमिका पर चर्चा।
1 जुलाई: ड्रोन से तरल उर्वरक छिड़काव का प्रदर्शन, कृषक संगोष्ठी और मृदा स्वास्थ्य पर परिचर्चा।
2 जुलाई: मॉडल साख समितियों का भ्रमण, माइक्रो एटीएम एवं रुपे कार्ड का वितरण।
3 जुलाई: वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, सहकारी समाचार पत्रों का प्रचार-प्रसार तथा “सहकार संकल्प दौड़”।
4 जुलाई: जनऔषधि केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर तथा सहकारिता विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता।
5 जुलाई: आकांक्षी जिलों में विशेष सदस्यता अभियान।
6 जुलाई: आईएफसी के लिए चिन्हित पैक्स गोदामों का भूमिपूजन।
प्रेसवार्ता में जिला सहकारी बैंक की उपाध्यक्ष रजनी साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) मोहित जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष (शहर) दीपक सिंह, मीडिया संयोजक प्रणव शर्मा समदरिया, जिला सहकारी बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा, शैलू गोरख, यश देवांगन सहित बैंक एवं सहकारिता विभाग के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।