Latest news

साध्वी के आरोपों के बाद रतनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष एसपी कार्यालय पहुंचे, कहा- मुझे फंसाने की साजिश; निष्पक्ष जांच की मांग

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read


बिलासपुर। रतनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष लवकुश कश्यप के खिलाफ एक साध्वी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मंगलवार को लवकुश कश्यप पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
लवकुश कश्यप ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और उन्हें जानबूझकर फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका दावा है कि संबंधित महिला पूर्व में भी ब्लैकमेलिंग से जुड़े मामलों में संलिप्त रही है और इसी प्रकार की साजिश के तहत इस बार उन्हें निशाना बनाया गया है।


नगर पंचायत अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आने के बाद सभी आरोप स्वतः स्पष्ट हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
इधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह ने दोनों पक्षों के दावों और शिकायतों को गंभीरता से लेने की बात कही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले से जुड़े सभी तथ्यों, दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
क्या है मामला
रतनपुर की एक साध्वी ने नगर पंचायत अध्यक्ष लवकुश कश्यप पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप सार्वजनिक होने के बाद मामला चर्चा में है। वहीं अब अध्यक्ष ने भी सामने आकर आरोपों को खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताया है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस का पक्ष
पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।