00 सूरजपुर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का चक्का निकला, पलटने से तीन की मौत, प्रतापपुर और विश्रामपुर में भी गई दो की जान
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ का सरगुजा संभाग इन दोनों सड़क हादसों के लिए चर्चा में है। शुक्रवार की अल सुबह सूरजपुर जिले के चंद्रपुर ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का पिछला चक्का फटकार अचानक निकल जाने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही जान चली गई, जबकि पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में सात लोग सवार थे, जिनमें से दो अन्य महिलाएं सुरक्षित बच गईं हैं। प्रतापपुर विश्रामपुर में भी हुए हादसे में दो लोगों की मौत की खबर है। पिछले एक सप्ताह के भीतर भीषण सड़क हादसों में आधा दर्जन लोगों की जान गई है और इतने ही लोग घायल हुए हैं।
कैसे हुआ हादसा
यह दुर्घटना उस समय हुई जब अंबिकापुर निवासी दिनेश चौधरी (40) अपनी स्कॉर्पियो (क्रमांक CG 15 EE 3561) से परिवार और रिश्तेदारों के साथ मनेन्द्रगढ़ में विवाह उपरांत स्वागत समारोह से लौट रहे थे। तड़के करीब साढ़े तीन बजे चंद्रपुर ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो का पिछला चक्का निकल गया, जिससे वाहन पलट गया।घटना में मृतकों की पहचान आनंद चौधरी (28) झारसुगुड़ा, ओडिशा, रीता चौधरी (46) अंबिकापुर, और पुष्पा माझी (40) एनटीपीसी कोरबा के रूप में हुई। घायलों में अजय नाथ चौधरी (38) और उनके पुत्र अनिकेत चौधरी (10) शामिल हैं, जिन्हें गंभीर हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
बच गई महिलाएं
घटना के दौरान वाहन में सवार दो महिलाएं सुरक्षित बच गईं। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सूरजपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायलों को अंबिकापुर रेफर किया गया।
—
खराब सड़क, कोहरा और हाई स्पीड दुर्घटना का प्रमुख कारण
पिछले एक सप्ताह में सरगुजा क्षेत्र में सड़क हादसों में वृद्धि हुई है। हाल ही में दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत और सात घायल होने की खबर है। तेज रफ्तार, वाहन खराबी, और सड़क की स्थिति हादसों के मुख्य कारण हैं।सरगुजा क्षेत्र में इस सप्ताह हल्की बारिश और कोहरे का प्रभाव देखा गया है, जिससे दृश्यता कम हो गई है। ऐसे मौसम में वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।




