Latest news

बैरिकेड, वाटर कैनन और पुलिस घेरा… फिर भी सबसे आगे रहे देवेंद्र यादव; NSUI प्रदर्शन में दिखी कांग्रेस नेता की आक्रामक और दमदार मौजूदगी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बुधवार सुबह से शाम तक पुलिस से सीधा मुकाबला, हर बैरिकेड पर डटे रहे विधायक; समर्थकों की भीड़ ने आंदोलन को दिया दम
बिलासपुर। NEET पेपर लीक के विरोध में हुए NSUI के प्रदर्शन में जहां पुलिस ने सुबह से ही सुरक्षा का अभेद्य घेरा खड़ा कर रखा था, वहीं पूरे आंदोलन के दौरान एक चेहरा सबसे ज्यादा चर्चा में रहा—भिलाई विधायक और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव। सुबह 10 बजे से लेकर शाम करीब 6 बजे तक चले इस हाईवोल्टेज प्रदर्शन में देवेंद्र यादव लगातार सबसे आगे की कतार में नजर आए।
पुलिस ने सांसद निवास तक जाने वाले मार्गों पर कई स्तर की बैरिकेडिंग, भारी पुलिस बल और वाटर कैनन तैनात कर रखा था। लेकिन प्रदर्शन के दौरान देवेंद्र यादव बार-बार कार्यकर्ताओं के साथ बैरिकेड तक पहुंचे और पुलिस से सीधे संवाद एवं टकराव की स्थिति में दिखाई दिए।


हर बैरिकेड पर दिखी मौजूदगी
प्रदर्शन के दौरान जब पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई, तब भी देवेंद्र यादव पीछे नहीं हटे। कार्यकर्ताओं के बीच खड़े होकर वे लगातार आंदोलन का नेतृत्व करते रहे। कई बार पुलिस अधिकारियों से उनकी तीखी बहस भी हुई।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक पुलिस का पूरा फोकस भीड़ को नियंत्रित करने पर था, जबकि देवेंद्र यादव लगातार कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते रहे। यही वजह रही कि प्रदर्शन के दौरान युवाओं का बड़ा समूह उनके आसपास मौजूद रहा।
युवाओं की भीड़ बनी ताकत
NSUI और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या प्रदर्शन में शामिल हुई थी। इनमें से अधिकांश कार्यकर्ता देवेंद्र यादव के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे थे। नारेबाजी हो, बैरिकेड तक मार्च हो या पुलिस कार्रवाई का विरोध, हर मोर्चे पर युवा उनके साथ खड़े दिखाई दिए।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस प्रदर्शन में देवेंद्र यादव ने केवल एक विधायक की भूमिका नहीं निभाई, बल्कि आंदोलन के अग्रिम पंक्ति के नेता के रूप में खुद को स्थापित करने की कोशिश की।
वाटर कैनन के बीच भी नहीं छोड़ा मोर्चा
हालात बिगड़ने पर जब पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, तब भी देवेंद्र यादव कार्यकर्ताओं के बीच मौजूद रहे। पानी की तेज बौछारों और धक्का-मुक्की के बीच भी उन्होंने प्रदर्शन स्थल नहीं छोड़ा। इसी दौरान हुई अफरा-तफरी में उनका कुर्ता भी फट गया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो पूरे दिन चर्चा का विषय बने रहे।
आंदोलन का सबसे चर्चित चेहरा बने देवेंद्र
NEET पेपर लीक के विरोध में हुए इस प्रदर्शन में कई कांग्रेस नेता मौजूद थे, लेकिन पूरे घटनाक्रम के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा देवेंद्र यादव की सक्रियता, आक्रामक तेवर और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मौजूदगी को लेकर रही। सुबह शुरू हुआ आंदोलन शाम तक चला, लेकिन हर महत्वपूर्ण मोड़ पर देवेंद्र यादव सबसे आगे दिखाई दिए।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।