
5 से 21 जून तक चलेगा भाजपा का विशेष अभियान, शहर और ग्रामीण संगठन ने बनाई अलग-अलग रणनीति
मीडिया संवाद, प्रगति पदयात्रा, जनकल्याण शिविर, विकसित भारत सम्मेलन, वृक्षारोपण और योग दिवस जैसे कार्यक्रमों की तैयारियां तेज
बिलासपुर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इस अवसर को राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर बड़े अभियान के रूप में मनाने की तैयारी भारतीय जनता पार्टी ने शुरू कर दी है। बिलासपुर शहर से लेकर ग्रामीण संगठन तक कार्यशालाओं का दौर शुरू हो गया है। पार्टी ने 5 जून से 21 जून तक जनसंपर्क, जनकल्याण और विकास के मुद्दों को लेकर व्यापक कार्यक्रमों की श्रृंखला तैयार की है, जिसके माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है।
इसी कड़ी में भाजपा जिला शहर और भाजपा जिला ग्रामीण संगठन की अलग-अलग कार्यशालाओं में कार्यक्रमों की रूपरेखा, दायित्वों का वितरण और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया। दोनों कार्यशालाओं में एक समान संदेश दिया गया कि सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
शहर भाजपा की कार्यशाला में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर रहा फोकस
भाजपा कार्यालय बिलासपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ लगातार देश की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 7 जून 2026 को एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं और यह अवधि अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीब, शोषित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभ पहुंचाया गया है, महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है तथा देश के समग्र विकास को गति मिली है। वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत ने अपनी स्थिति मजबूत की है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
भूपेन्द्र सवन्नी ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार 5 जून से 21 जून तक विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी। इसके अंतर्गत मीडिया संवाद, प्रेसवार्ता, विशेष जनसंपर्क अभियान, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम शामिल रहेंगे।
बूथ स्तर तक पहुंचेगा अभियान, हर वर्ग से संवाद की तैयारी
भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय ने कहा कि जिला से लेकर बूथ स्तर तक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है। समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संपर्क अभियान चलाया जाएगा। स्वच्छता अभियान, प्रगति पदयात्रा, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन तथा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विशेष आयोजन किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जिला और मंडल स्तर पर अलग-अलग टोलियों का गठन किया गया है, जिनकी जिम्मेदारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की होगी।
जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का लक्ष्य
भाजपा शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि पार्टी का उद्देश्य मोदी सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लाभार्थियों तक पहुंचने और योजनाओं के प्रभाव को जन-जन तक ले जाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी बड़े स्तर पर मनाया जाएगा तथा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ व्यापक जनसंपर्क अभियान संचालित किया जाएगा।
स्व. रूपनारायण सिन्हा को दी श्रद्धांजलि
कार्यशाला के समापन पर वरिष्ठ प्रचारक एवं छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रहे स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, जिला महामंत्री सोमेश तिवारी, प्रदीप कौशिक, अजीत सिंह भोगल, संतोष कौशिक, देवेन्द्र कौशिक, रितेश अग्रवाल, दुर्गेश पाण्डेय, वैभव गुप्ता, स्नेहलता शर्मा, दिनेश राजपूत, घनश्याम कौशिक, मोहम्मद हनीफ, लक्ष्मीनारायण कश्यप, शैलेन्द्र यादव, देवेन्द्र पाठक, दिनेश साहू, नैनलाल साहू, विजय यादव, नारायण गोस्वामी, संजय गुप्ता, दीपक साहू, आशुतोष शर्मा, विकास सलूजा, पल्लव धर, जुगल अग्रवाल, वंदना जेण्ड्रे, संगीता कुशवाहा और तुलसी कौशिक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ग्रामीण संगठन ने भी कसी कमर, दायित्वों का हुआ बंटवारा
राजा पाण्डेय बोले- कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य


भाजपा जिला ग्रामीण कार्यालय में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में भी आगामी अभियान को लेकर रणनीतिक तैयारी की गई। कार्यशाला में कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों का विभाजन किया गया तथा विभिन्न चरणों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
मुख्य वक्ता एवं छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पार्टी द्वारा तैयार कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि जिले से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
पखवाड़े भर चलेंगे कार्यक्रम, जनसंपर्क से लेकर विकसित भारत सम्मेलन तक होगी गतिविधियां
राजा पाण्डेय ने बताया कि अभियान के दौरान मीडिया संवाद, विशेष जनसंपर्क अभियान, जनकल्याण शिविर, सभागार बैठकें, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों की प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती पर कार्यशाला, वृक्षारोपण, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, प्रगति पथ यात्रा और विकसित भारत सम्मेलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को संगठित तरीके से जनता तक पहुंचाना है।
बूथ स्तर तक पहुंचाने पर जोर
पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि दायित्वों का स्पष्ट वर्गीकरण होने से कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक आसानी से पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने और अपनी गतिविधियों को डिजिटल माध्यम से दर्ज करने का आग्रह किया।
कार्यशाला को जिला ग्रामीण अध्यक्ष मोहित जायसवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री यश मनहर ने किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

