Latest news

कांग्रेस में युवा सत्ता का महासंग्राम शुरू, मोबाइल ऐप से तय होगी राजनीतिक किस्मत, 29 मई से खुला चुनावी मैदान

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
6 Min Read


75 रुपये की सदस्यता, ऑनलाइन नामांकन और डिजिटल वोटिंग; युवा कांग्रेस चुनाव ने बिलासपुर में बढ़ाई सियासी सरगर्मी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव 2026 का बिगुल बज चुका है। प्रदेशभर में युवा नेतृत्व के चयन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसी कड़ी में बिलासपुर स्थित कांग्रेस भवन में युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर विशेष बैठक और प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें चुनाव प्रक्रिया, सदस्यता अभियान, ऑनलाइन नामांकन और मतदान की विस्तृत जानकारी दी गई।


प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एडवोकेट नरेंद्र कुमार बजाज ने बताया कि इस बार युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव पूरी तरह डिजिटल और ऑनलाइन माध्यम से संपन्न होंगे। सदस्यता लेने से लेकर नामांकन दाखिल करने और मतदान तक की संपूर्ण प्रक्रिया मोबाइल ऐप के जरिए होगी। इसका उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना और अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि ब्लॉक, विधानसभा और जिला स्तर के पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 मई से शुरू होकर 13 जून 2026 तक चलेगी। वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के पदों के लिए भी 11 जून से 13 जून तक नामांकन किए जा सकेंगे।
75 रुपये में बनेगा सदस्य, तभी मिलेगा वोट देने का अधिकार
युवा कांग्रेस चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी सदस्यता अभियान को माना जा रहा है। संगठन की ओर से तय किया गया है कि सदस्यता के लिए 75 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। सदस्यता लेने वाले 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मतदान का अधिकार मिलेगा।
फर्जी सदस्यता रोकने के लिए इस बार वोटर आईडी अनिवार्य की गई है। आयु प्रमाण के रूप में 10वीं की अंकसूची, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट सहित अन्य मान्य दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक उम्मीदवार को अपना 8 सेकंड का परिचयात्मक वीडियो भी अपलोड करना होगा।
मोबाइल ऐप से होगी पूरी चुनावी प्रक्रिया
प्रेस वार्ता में बताया गया कि इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित ऐप डाउनलोड कर अपना अकाउंट बनाना होगा। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज अपलोड और सदस्यता संबंधी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
सदस्यता अभियान, नामांकन, स्क्रूटनी, मतदान और परिणाम तक की पूरी प्रक्रिया डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित होगी। इससे चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
15 से 18 जून तक होगी स्क्रूटनी
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 जून से 18 जून तक नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी। इसके बाद आपत्तियों के निराकरण, नाम वापसी और अंतिम सूची जारी करने की प्रक्रिया पूरी होगी।
संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार सदस्यता अभियान और मतदान की प्रक्रिया लगभग डेढ़ से दो महीने तक चलेगी।
प्रदेश को पांच जोनों में बांटकर होगी निगरानी
युवा कांग्रेस चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रदेश को पांच जोनों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल रिटर्निंग ऑफिसर (ZRO) नियुक्त किए गए हैं, जो चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
महत्वपूर्ण पदों जैसे जिला अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया भी अपनाई जा सकती है। प्रदेश अध्यक्ष समेत प्रमुख पदों पर राष्ट्रीय नेतृत्व की निगरानी रहेगी।
‘एक व्यक्ति, एक पद’ का नियम रहेगा लागू
इस बार चुनाव में ‘एक व्यक्ति, एक पद’ का नियम लागू रहेगा। कोई भी उम्मीदवार एक से अधिक पदों के लिए चुनाव नहीं लड़ सकेगा। चुनाव की घोषणा के साथ ही संगठन की आचार संहिता भी प्रभावी हो गई है।
एससी, एसटी और महिला उम्मीदवारों को नामांकन शुल्क में विशेष छूट देने का भी निर्णय लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन
प्रेस वार्ता के बाद युवा कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदस्यता अभियान को गति देने, युवाओं तक संगठन की पहुंच बढ़ाने और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कांग्रेस नेताओं ने युवाओं से बड़ी संख्या में सदस्यता लेने और संगठनात्मक चुनाव में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उनका कहना था कि यह चुनाव नए नेतृत्व को सामने लाने और संगठन को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
चुनाव कार्यक्रम एक नजर में
नामांकन (ब्लॉक, विधानसभा, जिला) : 29 मई से 13 जून 2026
नामांकन (प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश कार्यकारिणी) : 11 जून से 13 जून 2026
स्क्रूटनी : 15 जून से 18 जून 2026
सदस्यता शुल्क : 75 रुपये
आयु सीमा : 18 से 35 वर्ष
मतदान : ऑनलाइन
सदस्यता, नामांकन और वोटिंग : मोबाइल ऐप के माध्यम से
वोटर आईडी अनिवार्य
उम्मीदवार को 8 सेकंड का वीडियो अपलोड करना होगा
एससी, एसटी और महिला उम्मीदवारों को शुल्क में विशेष छूट

“इस बार युवा कांग्रेस का पूरा चुनाव डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होगा। सदस्यता, नामांकन और मतदान की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। युवाओं को संगठन में नेतृत्व का अवसर देने के लिए पारदर्शी व्यवस्था बनाई गई है।”
— एडवोकेट नरेंद्र कुमार बजाज
Zro

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।