बिलासपुर। परशुराम जयंती के अवसर पर रविवार को सरकंडा क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। अशोक नगर से शुरू हुई भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा ने इस बार नया इतिहास रच दिया—पहली बार अरपा पार इतनी विशाल और आकर्षक यात्रा निकाली गई, जिसमें दूर-दराज से आए ब्राह्मण समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।









सेंट्रल लाइब्रेरी सरकंडा के पास बेलतरा के पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष एवं प्रत्याशी विजय केशरवानी ने अपनी टीम के साथ शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान आतिशबाजी, मट्ठा और ठंडे पानी का वितरण कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। पूरे क्षेत्र में जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देती रही।
शाम करीब 5 बजे प्रारंभ हुई शोभायात्रा में बेलतरा, नगोई, बैमा, बिरकोना, उरतुम, रतनपुर सहित कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कर्मा नृत्य और धुमाल पार्टी की प्रस्तुति ने माहौल को जीवंत बना दिया। वहीं भगवान परशुराम, भगवान राम, श्रीकृष्ण-रुक्मिणी और भगवान विष्णु की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा में चार चांद लगा दिए। विशेष आकर्षण के रूप में दंडी स्वामी जी रथ पर सवार होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते नजर आए।
इस मौके पर विजय केशरवानी ने भगवान परशुराम की प्रतिमा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम, जो भगवान विष्णु के छठे अवतार और महर्षि जमदग्नि के पुत्र हैं, ने धर्म की स्थापना और अत्याचार के अंत के लिए परशु उठाया था। उनका जीवन चरित्र आज भी समाज को एक सशक्त, संगठित और धर्मनिष्ठ राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष प्रमोद नायक, पूर्व प्रत्याशी राजेंद्र साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र पांडेय, ऋषि पांडेय, विनोद साहू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष हितेश देवांगन, संतोष गर्ग, धनंजय सिंह ठाकुर, साकेश मिश्रा, शीतल दास, जगदीश कौशिक, आशीष शर्मा, पार्षद सुनील सोनकर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और सामाजिक जनों ने स्वागत में सहभागिता निभाई।

