Latest news

नवरात्रि में मिलावट पर बड़ा वार…वाटर प्लांट पर छापा, हजारों बोतल-पाउच सीज

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर, 20 मार्च 2026।
नवरात्रि और तेज होती गर्मी के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर सीधा हमला बोल दिया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल और नियंत्रक खाद्य सुरक्षा के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन अभियान में टीम ने सीपत के एक वाटर प्लांट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों बोतल और पाउच जब्त कर दिए। जांच के दौरान सामने आई अनियमितताओं ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


सीपत में ‘गंगोत्री मिनरल एंड वाटर प्लांट’ पर धावा
आर.आर. देवांगन (अभिहित अधिकारी) के मार्गदर्शन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीर सागर पटेल, अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी की टीम ने सीपत स्थित गंगोत्री मिनरल एंड वाटर प्लांट का औचक निरीक्षण किया। यहां पानी की बोतलों का विधिक नमूना लिया गया, लेकिन जांच में भ्रामक लेबलिंग (मिथ्याछाप) का मामला सामने आते ही टीम ने सख्त एक्शन लिया।
जप्ती का बड़ा आंकड़ा—गोदाम भरा मिला
कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में पैक्ड वाटर जब्त किया गया:
1 लीटर की 210 पेटियां (प्रत्येक में 12 बोतल)
250 एमएल की 3030 पानी बोतल
250 एमएल के 29,100 पानी पाउच
पूरे स्टॉक को मौके पर ही सीज कर दिया गया। कार्रवाई इतनी बड़ी थी कि प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
अन्य फर्मों को भी नोटिस, खाद्य नमूने जब्त
टीम ने इसी कार्रवाई के दौरान दो अन्य फर्मों को भी सुधार के लिए नोटिस जारी किया। साथ ही सेवई, साबूदाना, अरहर दाल और चना दाल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। विभाग अब इनकी रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
रतनपुर में मंदिर परिसर तक पहुंची टीम
कार्रवाई का दायरा यहीं नहीं रुका। रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में प्रसाद की गुणवत्ता की जांच के लिए प्रसाद कक्ष का निरीक्षण किया गया। भोग प्रमाणन के लिए खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और परीक्षण के लिए भेजे गए।
ठेलों पर भी चला डंडा—अखाद्य रंग से बनी चाट नष्ट
मंदिर के बाहर लगे ठेले और गुमटियों की भी सघन जांच की गई। यहां अखाद्य रंग से तैयार चाट पाए जाने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई।
अभियान जारी, अगला निशाना कौन?
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि नवरात्रि और गर्मी के मौसम में इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। टीम अब शहर और ग्रामीण इलाकों में अन्य यूनिट्स पर भी नजर बनाए हुए है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।