बिलासपुर। शहर में महिला से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती से संबंध बनाने के बाद जब वह गर्भवती हो गई तो आरोपी ने उसे दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। बाद में फिर जबरन शारीरिक संबंध बनाने के बाद शादी से साफ इनकार कर दिया। मामला सामने आने के बाद सरकंडा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
कॉलेज में हुई पहचान, दोस्ती के बाद बनाए संबंध
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 7 मार्च 2026 को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह बिलासपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही है। इसी दौरान कॉलेज में उसकी पहचान गौरव दुबे से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और आरोपी ने उसे भरोसे में लेकर शादी करने का झांसा दिया।
पीड़िता का आरोप है कि इसी झांसे में आकर आरोपी ने उससे शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद वह गर्भवती हो गई। इस पर आरोपी ने उसे दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद भी आरोपी ने दोबारा जबरन शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।
चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को दी गई, जिनके निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन/सरकंडा निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान
पुलिस ने जिस आरोपी को गिरफ्तार किया है उसकी पहचान गौरव दुबे (21 वर्ष) पिता मनहरण दुबे, निवासी दीनदयाल कॉलोनी के पास मंगला, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अप.क्र. 331/2026 के तहत धारा 69 और 89 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे 8 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।

