Latest news

बेलतरा में उग्र प्रदर्शन: युवा कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर फूटा गुस्सा, पुतला दहन कर रिहाई की मांग

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। राजधानी दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन के बाद उदय भानु चीफ की गिरफ्तारी ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर रखे जाने की खबर के बाद देशभर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा जा रहा है। इसी कड़ी में हैबुधवार को बिलासपुर जिले के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर गिरफ्तारी का विरोध जताया और तत्काल रिहाई की मांग की।
‘लोकतांत्रिक आवाज दबाने की कोशिश’
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एआई समिट के दौरान किया गया विरोध लोकतांत्रिक अधिकार के तहत था, लेकिन सरकार ने उसे दबाने के लिए गिरफ्तारी की कार्रवाई की। उनका आरोप है कि यह कदम अभिव्यक्ति की आजादी पर सीधा हमला है।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद राष्ट्रीय अध्यक्ष को हिरासत में लेकर चार दिन की रिमांड पर रखना राजनीतिक दुर्भावना को दर्शाता है।
बेलतरा में प्रदर्शन की तस्वीरें
पुतला दहन, नारेबाजी और चेतावनी
बेलतरा में जुटे कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि फिलहाल विरोध शांतिपूर्ण है, लेकिन यदि उदय भानु चीफ को जल्द रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह केवल एक नेता की गिरफ्तारी का मामला नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सवाल है।
वर्जन
अजय यादव
(अध्यक्ष, युवा कांग्रेस बेलतरा विधानसभा)
अजय यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी पूरी तरह से अलोकतांत्रिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए दमनकारी रवैया अपना रही है। यदि जल्द रिहाई नहीं हुई तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
विक्की यादव
(अध्यक्ष, एनएसयूआई बेलतरा विधानसभा)
विक्की यादव ने कहा कि छात्र और युवा इस कार्रवाई से आहत हैं। लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना अपराध नहीं हो सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
गौरतलब है कि दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के बाद की गई गिरफ्तारी ने राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है। देशभर में युवा कांग्रेस इकाइयों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। बिलासपुर के बेलतरा में हुआ यह प्रदर्शन उसी श्रृंखला का हिस्सा है।
फिलहाल जिले में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और कार्यकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।