बिलासपुर | 25 फरवरी
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल सुनवाई स्थगित कर दी और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया। हालांकि ईमेल फर्जी निकालने की बात कही जा रही है।
सुबह मिला धमकी भरा ई-मेल
जानकारी के मुताबिक न्यायालय के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा संदेश भेजा गया, जिसमें कोर्ट भवन को निर्धारित समय तक विस्फोट से उड़ाने की बात कही गई। सूचना मिलते ही रजिस्ट्रार कार्यालय ने वरिष्ठ न्यायाधीशों और प्रशासन को अवगत कराया।
पुलिस और बम निरोधक दस्ता तैनात
बिलासपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और साइबर सेल की टीम संयुक्त रूप से जांच कर रही है। कोर्ट परिसर, पार्किंग, रिकॉर्ड रूम और आसपास के क्षेत्र की सघन तलाशी ली गई।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
साइबर सेल जांच में जुटी
धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। आईपी एड्रेस और सर्वर डिटेल खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
सूत्रों के अनुसार इससे पहले भी न्यायालय को धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं, जो जांच में फर्जी पाए गए थे। हालांकि इस बार प्रशासन कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है।
फिलहाल स्थिति सामान्य, पर सतर्कता जारी
दोपहर बाद तलाशी अभियान पूरा होने के बाद स्थिति सामान्य बताई गई, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा गया है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह शरारत थी या किसी साजिश का हिस्सा।

