बजट 1.72 लाख करोड़ पहुंचा, संतुलित विकास की दिशा में कदम
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के आज पारित वर्ष 2026-27 के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीमती रेवती यादव, जिला अध्यक्ष, शिवसेना बिलासपुर ने कहा कि राज्य का बजट हर वर्ष निरंतर बढ़ रहा है। प्रथम बजट से लेकर अब वर्ष 2026 का बजट 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच जाना राज्य की वित्तीय प्रगति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि शासन ने सुशासन को ध्यान में रखते हुए सभी वर्गों को समाहित कर संतुलित रूप से वर्ष भर के लिए बजट तैयार किया है। यह प्रयास स्वागत योग्य है, किंतु स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक प्रावधान की जरूरत है।
रेवती यादव ने विशेष रूप से बिलासपुर के विकास पर जोर देते हुए कहा कि शहर को गुणवत्तापूर्ण सड़कों, नए फ्लाईओवर, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति और बुनियादी अधोसंरचना की दरकार है। बजट में प्राप्त राशि का उपयोग इन प्राथमिक जरूरतों को पूरा करने में किया जाना चाहिए, ताकि “विकसित छत्तीसगढ़” की तर्ज पर “विकसित बिलासपुर” की परिकल्पना साकार हो सके।
उन्होंने कहा कि शहर में सड़कों के विस्तार, आवास निर्माण और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए और अधिक बजट प्रावधान होना चाहिए था। युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता में शामिल होना आवश्यक है।
रेवती यादव ने सुझाव दिया कि बजट निर्माण के दौरान आम नागरिकों, व्यापारियों, शासकीय कर्मचारियों तथा समाज के सभी वर्गों से सुझाव आमंत्रित किए जाएं। साथ ही अर्थशास्त्रियों को प्रक्रिया में शामिल कर व्यापक विचार-विमर्श के आधार पर बजट तैयार किया जाए, जिससे यह और अधिक प्रभावी, समावेशी और जनोन्मुखी बन सके।

