ड्रीम इनक्लेव के हस्तांतरण और मूलभूत सुविधाओं की मांग तेज, पिछले गेट पर ताला लगाने की चेतावनी
बिलासपुर। अशोक नगर सरकंडा स्थित ड्रीम इनक्लेव कॉलोनी के रहवासियों ने रविवार को बीच कॉलोनी से अटल आवास (ईडब्ल्यूएस भवन) के लिए रास्ता देने के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। कॉलोनी वासियों का कहना है कि जब तक नगर पालिक निगम द्वारा अटल आवास के लिए पृथक मार्ग, पानी, नाली और बिजली की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक कॉलोनी के भीतर से आवागमन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
रहवासियों ने बताया कि ड्रीम इनक्लेव एक पूर्ण विकसित कॉलोनी है, जिसे नगर निगम द्वारा पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किया जा चुका है। कॉलोनी नगर निगम बिलासपुर के वार्ड क्रमांक … के अंतर्गत आती है। कॉलोनीवासियों के अनुसार बिल्डर द्वारा अतिरिक्त विकास के लिए निगम को वांछित राशि भी जमा की जा चुकी है, ऐसे में कॉलोनी के अग्रिम विकास, रख-रखाव और मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी अब नगर निगम की है।
आवासीय समिति का गठन, आंतरिक व्यवस्था खुद संभाल रहे रहवासी
कॉलोनीवासियों ने “ड्रीम इनक्लेव आवासीय सहकारी समिति मर्यादित” (पंजीयन क्रमांक 768) का गठन कर आंतरिक व्यवस्थाएं स्वयं संभालने की पहल की है। समिति का कहना है कि निगम द्वारा कॉलोनी के पिछले हिस्से में निर्मित ईडब्ल्यूएस (अटल आवास) भवन के आबंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए अलग मार्ग और सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
निर्माण के दौरान कॉलोनी से दी जाती रही पानी की सप्लाई
रहवासियों का आरोप है कि ईडब्ल्यूएस भवन निर्माण के समय से ही पानी की आपूर्ति कॉलोनी की टंकी से की जा रही थी और मजदूरों व संबंधित लोगों का आवागमन भी कॉलोनी के पिछले गेट से होता रहा। अब जब आबंटन की प्रक्रिया प्रारंभ होने जा रही है, तब भविष्य में संभावित विवादों से बचने के लिए कॉलोनीवासियों ने सर्वसम्मति से पीछे का गेट बंद करने का निर्णय लिया है।
समिति ने स्पष्ट किया है कि 29 जनवरी 2024 से ईडब्ल्यूएस भवन के लिए दिया गया अस्थायी पानी कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा। साथ ही कॉलोनी के पिछले गेट पर सुरक्षा की दृष्टि से ताला लगाया जाएगा और किसी भी बाहरी अथवा अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश वर्जित रहेगा।


निगम से की ये प्रमुख मांगें
कॉलोनीवासियों ने जिलाधीश को आवेदन देकर मांग की है कि—
ड्रीम इनक्लेव कॉलोनी का विधिवत हस्तांतरण नगर निगम के पक्ष में किया जाए।
अटल आवास (ईडब्ल्यूएस भवन) के लिए पृथक मार्ग की व्यवस्था की जाए।
नाली, पानी और बिजली की अलग से स्थायी सुविधा सुनिश्चित की जाए।
उपरोक्त व्यवस्थाएं पूर्ण होने के बाद ही आवंटन प्रक्रिया शुरू की जाए।
रहवासियों का कहना है कि यदि बीच कॉलोनी से रास्ता दिया गया तो भविष्य में सुरक्षा और अव्यवस्था की स्थिति बन सकती है, जिससे विवाद की आशंका रहेगी।
धरना प्रदर्शन के दौरान कॉलोनीवासियों ने निगम प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की। उनका कहना है कि जब कॉलोनी पूर्ण विकसित घोषित हो चुकी है और निगम क्षेत्र में शामिल है, तो मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी भी निगम को ही निभानी चाहिए।

