Latest news

एआई समिट के विरोध की गूंज रायपुर तक: भाजयुमो का ‘राजीव भवन’ घेराव, बैरिकेड तोड़ कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े कार्यकर्ता

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

रायपुर, बिलासपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार को सियासी पारा उस वक्त चढ़ गया जब भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन का घेराव कर दिया। दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ विवाद अब छत्तीसगढ़ की राजनीति में खुलकर सामने आ गया है।


शंकर नगर टर्निंग प्वाइंट पर टकराव
भाजयुमो कार्यकर्ता बड़ी संख्या में राजीव भवन की ओर कूच कर रहे थे। कांग्रेस दफ्तर से ठीक पहले शंकर नगर टर्निंग प्वाइंट पर पुलिस ने भारी बल तैनात कर बैरिकेडिंग की थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और कांग्रेस भवन की दिशा में बढ़ गए। मौके पर कुछ देर तक धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
एआई समिट में प्रदर्शन के विरोध में आंदोलन
भाजयुमो का यह प्रदर्शन दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के खिलाफ बताया जा रहा है। भाजयुमो नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में जिस तरह से विरोध दर्ज कराया गया, वह अनुचित था, जिसके प्रतिवाद में रायपुर में यह घेराव किया गया।
ये रहे प्रमुख चेहरे
घेराव कार्यक्रम के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें—
राहुल टिकरिया – प्रदेश अध्यक्ष, भाजयुमो
सिद्धार्थ शर्मा – प्रदेश कार्यसमिति सदस्य
ब्रजेश शर्मा – जिला उपाध्यक्ष (बिलासपुर ग्रामीण)
विभूति कश्यप – प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी
अलिंद तिवारी – प्रदेश कार्यसमिति सदस्य
नेताओं के साथ रायपुर, बिलासपुर समेत राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे।
पुलिस की मुस्तैदी, बढ़ी सुरक्षा
घटनाक्रम को देखते हुए राजीव भवन और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लगातार समझाइश दी जाती रही।
राजधानी रायपुर में हुए इस घटनाक्रम ने दिल्ली में शुरू हुए एआई समिट विवाद को प्रदेश की सियासत के केंद्र में ला खड़ा किया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।