Latest news

काम की रफ्तार और गुणवत्ता पर सख्ती: निगम कमिश्नर ने ठेकेदारों को दी दो टूक चेतावनी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। नगर निगम बिलासपुर में निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार, गुणवत्ता और लंबित परियोजनाओं को लेकर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। निगम के दृष्टि सभाकक्ष में निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने ठेकेदार संघ के बैनर तले ठेकेदारों के साथ अहम बैठक की। बैठक में साफ शब्दों में कहा गया कि काम तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ होना चाहिए, इसमें किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अत्यंत लो-रेट पर लिए गए कार्यों में यदि गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ ब्लैक लिस्टिंग की कार्रवाई की जाएगी।


काम में लापरवाही पर सीधी चेतावनी

बैठक में निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि जो कार्य अब तक शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल प्रारंभ किया जाए। समय पर काम शुरू नहीं करने वाले ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर के विकास कार्यों में देरी और लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से बारिश से प्रभावित होने वाले सभी कार्यों को 15 जून तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए।


जोन स्तर पर कार्यों की बिंदुवार समीक्षा

बैठक के दौरान निगम कमिश्नर ने शहर के सभी जोन क्षेत्रों के अंतर्गत चल रहे और प्रस्तावित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। प्रत्येक निर्माणाधीन साइट पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी ठेकेदारों को दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था से बचा जा सके।


ठेकेदारों ने रखीं समस्याएं और सुझाव

बैठक में ठेकेदारों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। ठेकेदारों ने बिलिंग में हो रही देरी, गैर-तकनीकी व्यक्तियों द्वारा कार्यों में हस्तक्षेप और फंड की लेटलतीफी जैसी समस्याओं की ओर निगम प्रशासन का ध्यान दिलाया। इसके साथ ही भुगतान प्रक्रिया के चैनल के पुनर्निर्धारण और भुगतान की समय सीमा तय करने की मांग भी रखी गई।

ठेकेदारों ने अनावश्यक और जटिल दस्तावेजी प्रक्रिया को सरल करने की मांग करते हुए कहा कि इससे कार्यों की गति बढ़ सकती है।


प्रशासन का आश्वासन

निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने ठेकेदारों की बातों को गंभीरता से सुना और बिलिंग प्रक्रिया के लिए स्पष्ट टाइमलाइन तय करने तथा फंडिंग से जुड़ी समस्याओं को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया। दस्तावेजों के सरलीकरण के सुझावों पर भी विश्लेषण कर उचित निर्णय लेने की बात कही गई।


अधिकारी और ठेकेदार रहे मौजूद

इस बैठक में सीई राजकुमार मिश्रा, ईई प्रवीण शुक्ला, एसपी साहू, अनुपम तिवारी, जेडी वित्त श्री निर्मलकर, सब इंजीनियर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहे। वहीं ठेकेदार संघ की ओर से अध्यक्ष अभिषेक सिंह, राजकुमार तिवारी, कमल सिंह, जितेंद्र सोनी, नरेंद्र चित्रकार, विवेक ताम्रकार, आनंद बुधोलिया, अशोक तिवारी, सौरभ मिश्रा, राजन जायसवाल, मनीष सोनी, रोमेश पाण्डेय, शशिकांत मिश्रा, शैलेष मिश्रा, संजय मुरारका, नितिन सिन्हा, मनोज मिश्रा, अंबर चतुर्वेदी, रितेश सिंह समेत अन्य ठेकेदार उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।