Latest news

नौकरी का झांसा देकर 5.25 लाख की ठगी, सिटी कोतवाली पुलिस ने शातिर आरोपी को दबोचा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक से लाखों रुपये ठगने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को बड़े अधिकारियों का करीबी बताकर पहले पटवारी-अमीन और फिर केमिस्ट पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और अलग-अलग किस्तों में ₹5,25,000 की रकम वसूल ली। फर्जी नाम, फर्जी बैंक खाता और दस्तावेजों के सहारे चल रहे इस ठगी के खेल का खुलासा पुलिस जांच में हुआ है।
नौकरी दिलाने के नाम पर रकम वसूलने का पूरा खेल
थाना सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 83/2026 के मुताबिक, प्रार्थी अभय किशोर तिवारी, निवासी सूरजपुर (वर्तमान निवास दयालबंद, बिलासपुर) ने 03 फरवरी 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी वर्ष 2022 से बिलासपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसकी पहचान आरोपी राकेश कुमार देवांगन से हुई।
आरोपी ने खुद को प्रभावशाली अधिकारियों से संपर्क में होना बताते हुए पहले अमीन-पटवारी पद पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया और इसके एवज में ₹4,00,000 की मांग की। भरोसे में आकर प्रार्थी ने UPI के माध्यम से यह रकम आरोपी को ट्रांसफर कर दी। कुछ समय बाद आरोपी ने केमिस्ट पद पर नौकरी दिलाने की बात कहते हुए ₹1,25,000 और ले लिए। इस तरह कुल ₹5,25,000 की राशि की धोखाधड़ी की गई।
कई नाम, एक आरोपी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश कुमार देवांगन उर्फ दुर्गेश उर्फ गोलू उर्फ मोनू, पिता भेखूराम देवांगन, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता ग्राम नवापारा हथबंद, तहसील सिमगा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा है, जबकि वह वर्तमान में नारियल कोठी, दयालबंद, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में रह रहा था।
फर्जी बैंक खाता और दस्तावेजों से चलता रहा लेन-देन
जांच में सामने आया कि आरोपी ने आदर्श महंत नाम के व्यक्ति के नाम से बैंक खाता खुलवाया था। उस खाते की पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और संबंधित सिम आरोपी के ही कब्जे में थे। ठगी की रकम का पूरा लेन-देन इसी खाते के जरिए किया जाता रहा। आरोपी द्वारा फर्जी पहचान और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर लोगों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया जाता था।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी को दयालबंद क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने फर्जी नामों और दस्तावेजों के सहारे नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी करना स्वीकार किया।
धाराएं बढ़ीं, जेल भेजा गया आरोपी
प्रकरण में प्रारंभिक रूप से धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अपराध की प्रकृति और गंभीरता को देखते हुए धारा 338, 336(3), 340(2) एवं 341(2) BNS जोड़ी गई।
जप्त सामग्री
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से
फर्जी प्रमाण पत्र
आधार कार्ड की प्रतियां
बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड
अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज
जप्त किए हैं।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।