

बिलासपुर। मनरेगा बचाव संग्राम के तहत कांग्रेस की गतिविधियां जिले में तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय सचिव एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सहप्रभारी विजय जांगीड़ तथा पूर्व मंत्री व प्रदेश मनरेगा बचाव अभियान के समन्वयक विधायक उमेश पटेल एकदिवसीय प्रवास पर बिलासपुर पहुंच रहे हैं। दोनों वरिष्ठ नेता कोटा विधानसभा क्षेत्र के शिवतराई में आयोजित मनरेगा बचाव संग्राम पदयात्रा और स्वास्थ्य शिविर में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विजय जांगीड़ और उमेश पटेल का बिलासपुर आगमन होगा, जहां वे स्थानीय छत्तीसगढ़ भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे कोटा विधानसभा के कोटा ब्लॉक अंतर्गत गोबरीपाट मंडल के ग्राम शिवतराई पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर एवं मनरेगा बचाव संग्राम पदयात्रा में सहभागिता करेंगे।
शिवतराई पहुंचने पर दोनों नेताओं का स्वागत विधायक अटल श्रीवास्तव, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेन्द्र गंगोत्री, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण त्रिवेदी, ब्लॉक प्रभारी आनंद जायसवाल और गौरव दुबे द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। ये सभी नेता पदयात्रा में शामिल रहेंगे।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा कानून को समाप्त करने और महात्मा गांधी का नाम हटाने को लेकर प्रस्तावित नए कानून के विरोध में कांग्रेस द्वारा देशव्यापी आंदोलन किया जा रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों, ब्लॉकों और मंडलों में धरना-प्रदर्शन और पदयात्राएं आयोजित की जा रही हैं।
इससे पहले पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में तखतपुर में 5 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली जा चुकी है। उसी कड़ी में अब राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश समन्वयक का आगमन बिलासपुर जिले के कोटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम शिवतराई में हो रहा है। इस पदयात्रा में जिले के कांग्रेस पदाधिकारी, कोटा विधानसभा के ब्लॉक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहेंगे।



