बिलासपुर, छत्तीसगढ़। डॉग लवर्स के लिए एक बार फिर खास मौका आने वाला है। बिलासपुर केनाइन क्लब के तत्वावधान में आयोजित 15वां एनुअल ऑल ब्रीड डॉग शो आगामी 1 फरवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित आयोजन को लेकर आज प्रेस क्लब बिलासपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आयोजन समिति ने कार्यक्रम से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

प्रेस वार्ता में आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष के डॉग शो में 500 से अधिक विभिन्न नस्लों के डॉग्स के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से भी डॉग लवर्स और प्रतिभागी इसमें हिस्सा लेने पहुंचेंगे। आयोजकों के अनुसार, प्रदेश के बाहर से आने वाले प्रतिभागियों की भागीदारी इस शो को और भी खास बनाएगी।











डॉग शो के दौरान लेडी हैंडलर और जूनियर हैंडलर भी अलग-अलग नस्लों के डॉग्स के साथ रिंग में उतरेंगे। प्रशिक्षित और अनुशासित डॉग्स द्वारा किया जाने वाला यह प्रदर्शन दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। शो में विभिन्न कैटेगरी के अंतर्गत डॉग्स की ब्रीड, ट्रेनिंग और प्रेजेंटेशन का मूल्यांकन किया जाएगा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी की उपस्थिति प्रस्तावित है। आयोजन समिति ने बताया कि यह आयोजन केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि Responsible Pet Ownership और Animal Welfare जैसे महत्वपूर्ण विषयों को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
क्लब द्वारा विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार एवं उपहार प्रदान किए जाएंगे। आयोजन से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और शो को लेकर डॉग लवर्स के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।



