


बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य स्तर पर किए गए आईपीएस अधिकारियों के तबादले के तहत बिलासपुर रेंज को नया पुलिस महानिरीक्षक मिल गया है। 2007 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी श्री रामगोपाल गर्ग ने शुक्रवार को बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण के उपरांत बिलासपुर रेंज कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (IPS) ने श्री गर्ग का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों ने भी नवपदस्थ IG से सौजन्य भेंट की।
श्री रामगोपाल गर्ग एक अनुभवी पुलिस अधिकारी हैं। वे अपने सेवाकाल में रायगढ़, राजनांदगांव, सरगुजा और दुर्ग जैसे महत्वपूर्ण जिलों एवं रेंज मुख्यालयों में पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक के पदों पर कार्य कर चुके हैं। प्रशासनिक दक्षता और अनुशासित कार्यशैली के लिए वे पुलिस महकमे में अलग पहचान रखते हैं।
नए पुलिस महानिरीक्षक के रूप में उनके कार्यभार ग्रहण से बिलासपुर रेंज में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।



