
बिलासपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 72वें राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन 28 से 30 नवम्बर को देहरादून (उत्तराखंड) में भव्य रूप से संपन्न हुआ। जिसमें उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ रहे और प्रो. यशवंत राव युवा केलकर पुरस्कार समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी रहे इस अधिवेशन में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय इकाई के पूर्व अध्यक्ष आराध्य तिवारी को एबीवीपी का राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया।
घोषणा के बाद बुधवार को सीयू में आराध्य तिवारी का छात्रों ने भव्य स्वागत किया जिसके बाद सभी छात्र छात्राओं के साथ आराध्य तिवारी ने बाबा गुरु घासीदास के प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर उनको नमन किया अंत में सभी छात्रों ने एक दूसरे को मिठाइयां खिलाकर हर्ष मनाया।
एबीवीपी सीयू इकाई के अध्यक्ष तुषार साहू ने कहा यह हम सभी के लिए अत्यंत गर्व का विषय है हमें पूर्ण विश्वास है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी सीयू के विद्यार्थियों की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे और विश्वविद्यालय के विकास के लिए निर्णायक भूमिका निभाएँगे।”
एबीवीपी सीयू इकाई मंत्री प्रसून पाठक ने कहा आराध्य तिवारी का राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चयन न केवल सीयू के लिए बल्कि पूरे बिलासपुर के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है।
आराध्य तिवारी ने कहा कि मेरा यह सौभाग्य है कि मैं ऐसे संगठन का हिस्सा हूँ, जिसने एक साधारण विद्यार्थी रहे मुझ जैसे कार्यकर्ता को ज़मीन से उठाकर राष्ट्रीय स्तर पर विद्यार्थियों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया। संगठन द्वारा दिए गए इस दायित्व को मैं पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निभाऊँगा तथा विद्यार्थियों की अपेक्षाओं पर सदैव खरा उतरने का प्रयास करूँगा।



