बिलासपुर | 27 नवंबर 2025
धान खरीदी सीजन के बीच बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल गुरुवार को अचानक फील्ड पर उतरे और तखतपुर विकासखंड के खम्हरिया, नगोई और ढनढन धान खरीदी केंद्रों में जमकर लिसनिंग की। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे कलेक्टर ने किसानों से सीधी बातचीत कर खरीदी व्यवस्था की असल सच्चाई जानी और प्रबंधन को सख्त संदेश दिया—“किसान सुविधा लेने आए हैं, संघर्ष करने नहीं। किसी भी केंद्र में असुविधा मिली तो जिम्मेदारों पर तुरंत कार्रवाई तय है।”


किसानों से सीधे संवाद, फीडबैक लेकर कलेक्टर का सख्त निर्देश
कलेक्टर अग्रवाल ने केंद्रों पर व्यवस्थाएं देखने के साथ किसानों से विस्तार में बातचीत की। उन्होंने पूछा—तौल समय पर हो रहा? टोकन में दिक्कत? स्टाफ का व्यवहार कैसा है?
किसानों ने बताया कि इस बार खरीदी प्रक्रिया तेज, सुचारू और पारदर्शी है। फीडबैक सुनने के बाद कलेक्टर ने समिति प्रबंधन को साफ चेतावनी दी—
“किसानों को छाया, पानी, बैठने की जगह और तौल की व्यवस्था में एक भी कमी नहीं चाहिए… खरीदी की 16 बिंदुओं वाली गाइडलाइन का अक्षरशः पालन हो।”
तोल, टोकन से लेकर ऑनलाइन प्रविष्टि तक हर व्यवस्था की गहन जांच
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पूरा सिस्टम चेक किया—
तौल मशीनों की कार्यक्षमता
धान भंडारण की व्यवस्था
टोकन वितरण की गति
ऑनलाइन एंट्री की शुद्धता
कतार और किसान सुविधा प्रबंधन
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों की भीड़ बढ़ने से पहले ही सभी आवश्यक प्रबंध मजबूत कर दिए जाएँ, ताकि किसी भी दिन अव्यवस्था की स्थिति न बने।
किसानों ने कहा—“इस बार खरीदी बिना तनाव, बिना देरी”
ढनढन केंद्र में बुजुर्ग किसान हरचंद पटेल और रमेश साहू ने कलेक्टर से बातचीत में बताया कि इस साल टोकन से लेकर तौल तक, पूरी प्रक्रिया सहज रही।
हरचंद पटेल, जो दो एकड़ में खेती करते हैं, बोले—
“समय पर तौल हो रहा है, कोई दिक्कत नहीं… यही व्यवस्था बनी रहनी चाहिए।”
वहीं रमेश साहू ने कहा कि वे 50 क्विंटल धान बेचने पहुंचे और उन्हें शुरुआत से अंत तक किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा।
ढनढन केंद्र में खरीदी ने पकड़ी रफ्तार
ढनढन उपार्जन केंद्र में अब तक 3,000 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है।
यहाँ 777 किसान पंजीकृत हैं और आसपास के 5 गांवों के किसान अपना धान लेकर पहुँचते हैं। केंद्र में भीड़ के बावजूद इस वर्ष व्यवस्था को किसानों ने संतोषजनक बताया।
निरीक्षण के दौरान पूरा प्रशासनिक अमला उपस्थित
कलेक्टर के दौरे में खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, उपपंजीयक चंद्रशेखर जायसवाल, सहकारी बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा, जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी आशीष दुबे, जिला विपणन अधिकारी अमित चंद्राकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



